जेनसन हुआंग, एलिस हुआंग सोर्स- सोशल मीडिया
बिज़नेस

Nvidia CEO जेनसन हुआंग की कुर्सी के ये होंगे 2 बड़े दावेदार, खुद की बनाई कंपनी से निकाला जाना लगभग तय

Nvidia Successor Jensen Huang: दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनी एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग पर कथित चीनी जासूस से रिश्ते का आरोप लगा है। बोर्ड की जांच, घटते शेयरों के बीच कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा है।

विजय कुमार तिवारी, प्रमोद यादव

Highlights

  • एनवीडिया बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच।

  • कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग से रिश्ता।

  • साठ वरिष्ठ अधिकारी करते हैं सीधी रिपोर्टिंग।

  • सोमवार को चार प्रतिशत से ज्यादा शेयर गिरे।

  • उत्तराधिकारी के नाम पर नहीं कोई सहमति।

Nvidia CEO Jensen Huang Replacement: दुनिया की सबसे वैल्युएबल टेक कंपनियों में से एक एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग इस समय बड़े विवाद के केंद्र में हैं। अपनी मशहूर लेदर जैकेट और AI तकनीक के दम पर पूरी दुनिया में एक टेक रॉकस्टार माने जाने वाले हुआंग पर अपनी पत्नी से बेवफाई और एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंध रखने का गंभीर आरोप लगा है।

जिस महिला के साथ उनके रिश्ते की खबरें सामने आई हैं, उसे अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने चीन के लिए जानकारी जुटाने वाला व्यक्ति माना है। इस खुलासे के बाद ग्लोबल टेक इंडस्ट्री और एआई बाजार में हड़कंप मच गया है।

साथ ही साथ इस बात की भी चर्चा शुरू हो गयी है कि जेनसन हुआंग अगर कंपनी से निकाले जाते हैं तो उनकी कुर्सी कौन और कैसे संभालेगा। ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर इस रेस में सबको पछाड़ देंगे और आसानी से कुर्सी हासिल कर सकते हैं।

एलिस हुआंग और सिंगापुर की मेगास्पीड से जुड़ा मामला

यह पूरा विवाद एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग नाम की महिला के निजी संबंधों से जुड़ा हुआ है। एलिस हुआंग सिंगापुर की प्रमुख डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' से जुड़ी रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि चीन की खुफिया एजेंसियां एनवीडिया की हाई-एंड एआई चिप्स और आधुनिक तकनीक की गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही थीं।

हालांकि हुआंग ने निजी रिश्ते और बेवफाई की बात स्वीकार कर ली है, लेकिन विदेशी खुफिया एजेंसी को जानकारी देने के आरोप अभी सार्वजनिक रूप से साबित नहीं हुए हैं।

जेनसन हुआंग

एनवीडिया बोर्ड की स्वतंत्र जांच और सुरक्षा समीक्षा

गंभीर स्थिति को देखते हुए 8 नवंबर को एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एक स्वतंत्र जांच की घोषणा कर दी है। स्वतंत्र निदेशकों की समिति बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद से इस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

बोर्ड ने अपने बयान में कहा है कि फिलहाल ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे लगे कि कंपनी के व्यापारिक राज या राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता हुआ है। जेनसन हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। फिर भी, निवेशकों और टेक जगत में उनकी कुर्सी रहने न रहने पर संशय बना हुआ है।

कंपनी के अनूठे ढांचे में उत्तराधिकारी का बड़ा अभाव

एनवीडिया का मैनेजमेंट ढांचा बाकी बड़ी टेक कंपनियों से काफी अलग और पूरी तरह जेनसन हुआंग के इर्द-गिर्द केंद्रित है। रॉयटर्स के अनुसार, कंपनी में 60 से ज्यादा वरिष्ठ अधिकारी सीधे हुआंग को रिपोर्ट करते हैं।

कंपनी में उनके नीचे कोई दूसरा सेकंड-इन-कमांड या आधिकारिक उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया गया है। हुआंग की त्वरित फैसले लेने की क्षमता ने ही कंपनी को एआई सेक्टर में अव्वल बनाया है। लेकिन अब यही व्यवस्था कंपनी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है, क्योंकि अगर हुआंग को हटना पड़ा तो कमान संभालने के लिए कोई स्पष्ट चेहरा मौजूद नहीं है।

जेनसन हुआंग

संभावित उत्तराधिकारियों की दौड़ में कौन से नाम आगे?

अगर जांच के बाद अचानक नए नेतृत्व की जरूरत पड़ती है, तो कंपनी के भीतर दो प्रमुख नाम चर्चा में आ रहे हैं। पहला नाम कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कॉलेट क्रेस का है, जो लंबे समय से वित्तीय रणनीति संभाल रही हैं और निवेशकों के बीच जानी जाती हैं।

दूसरा नाम इयान बक का है, जो एनवीडिया के सबसे लाभदायक डेटा सेंटर कारोबार और 'कूडा' (CUDA) तकनीक से जुड़े महत्वपूर्ण अधिकारी हैं। हालांकि, इनमें से किसी को भी औपचारिक रूप से भावी सीईओ नहीं माना गया है। इसके अलावा हुआंग के पास कंपनी का 3.6% हिस्सा भी है।

शेयर बाजार पर दिखा असर तो निवेशकों की बढ़ी चिंता

विवाद की खबर आते ही निवेशकों का भरोसा डगमगाया है और शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में गिरावट देखी गई। सोमवार को एनवीडिया का शेयर करीब 4.3 फीसदी गिरकर 178.67 डॉलर पर बंद हुआ।

एनवीडिया का पूरा वैल्यूएशन और भविष्य का मुनाफा एआई तकनीक और डेटा सेंटरों की मांग पर टिका है। चूंकि जेनसन हुआंग ही इस पूरी कामयाबी का मुख्य चेहरा रहे हैं, इसलिए उनकी भूमिका को लेकर अनिश्चितता से निवेशक चिंतित हैं। कई विश्लेषकों का मानना है कि इस अनिश्चितता का असर कंपनी के रणनीतिक फैसलों पर पड़ सकता है।

पूर्व में भी कई दिग्गजों को गंवानी पड़ी थी CEO की कुर्सी

कारपोरेट जगत में यह पहला मौका नहीं है जब किसी सीईओ को निजी रिश्तों या आचार संहिता उल्लंघन के कारण पद गंवाना पड़ा हो। साल 2005 में बोइंग के CEO हैरी स्टोनसाइफर, 2018 में इंटेल के सीईओ ब्रायन क्रजानिक और 2016 में प्राइसलाइन के सीईओ डैरेन ह्यूस्टन को कंपनी की नीतियों का उल्लंघन करने पर इस्तीफा देना पड़ा था।

इसके अलावा 2022 में सीएनएन के जेफ जकर और 2023 में एनबीसी-यूनिवर्सल के जेफ शेल को भी पद छोड़ना पड़ा था। हालांकि हुआंग के मामले में फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि जांच में नियमों या सुरक्षा से कोई खिलवाड़ साबित होता है या नहीं।

इतने बड़े बवाल के बाद भी हुआंग के पद पर बने रहने का सस्पेंस

फिलहाल ऐसे कोई आधिकारिक संकेत नहीं हैं कि जेनसन हुआंग तुरंत इस्तीफा देने वाले हैं। एनवीडिया के बोर्ड ने जांच के साथ-साथ हुआंग के नेतृत्व पर भरोसा भी व्यक्त किया है। एआई चिप्स के बाजार में एएमडी (AMD) जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनियां लगातार चुनौती दे रही हैं।

ऐसे संवेदनशील मोड़ पर एनवीडिया के लिए अपनी बढ़त बनाए रखना और मैनेजमेंट विवाद से निपटना एक दोहरी परीक्षा है। यदि बोर्ड की जांच में हुआंग को क्लीन चिट मिलती है, तो वे पद पर बने रहेंगे; अन्यथा एआई की दुनिया में एक बड़ा नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिल सकता है।

दिल्ली प्रदूषण पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का विवादित बयान, बोले- दिवाली हो या प्रदूषण, दोनों मानव जनित रोग

यूपी-बिहार में सियासी शादियों का सीजन! जानिए सांसद प्रिया सरोज, मंत्री संदीप सिंह तक शादी से जुड़ी खास बातें

क्या नए साल में आपके पुराने चेकबुक काम में नहीं आएंगे; Cheque Book के नए नियम को लेकर RBI ने किया क्लियर

उत्तर भारत में जल्द पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, पश्चिमी विक्षोभ से कई राज्यों के मौसम में हो रहा बड़ा उलटफेर

3300 नए जांबाज होंगे नौसेना में शामिल, 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की सबसे बड़ी पासिंग आउट परेड