(प्रतीकात्मक तस्वीर) 
बिज़नेस

करवा चौथ पर आज बाजारों में रौनक, ₹25 हजार करोड़ का होगा कारोबार; सोने में कम खरीदारी की संभावना

Karwa Chauth 2025: सर्राफा कारोबारियों का कहना है, सोने व चांदी की बढ़ रही कीमतों के कारण आभूषणों की खरीदारी कम होने का अनुमान है। खासकर सोना लगातार रिकॉर्ड ऊंचाई बना रहा है।

मनोज आर्या

Karwa Chauth Shopping: नवरात्र की शुरुआत के साथ ही त्योहारी सीजन में बाजार ने रफ्तार पकड़ ली है। 10 अक्तूबर यानी शुक्रवार को मनाए जाने वाले करवा चौथ के त्योहार पर भी देशभर के बाजार सज गए हैं। सर्राफा बाजारों और कपड़े की दुकानों में सबसे ज्यादा रौनक देखी जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले करवा चौथ के मुकाबले इस बार बाजार में ज्यादा चहल-पहल दिखाई दे रही है। उम्मीद है कि इसका असर कारोबार पर भी दिखने की उम्मीद है।

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने बताया, करवा चौथ पर देशभर में करीब 25,000 करोड़ रुपये की खरीद-बिक्री की उम्मीद है। पिछली बार करीब 22,000 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था।

करवाचौथ से इकोनॉमी को बूस्टर डोज

प्रवीन खंडेलवाल ने आगे कहा कि करवा चौथ का पर्व न सिर्फ भावनाओं का बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था को गति देने वाला त्योहार भी बन गया है। यही वजह है कि इस पर्व को खास बनाने के लिए देशभर के व्यापारी पहले से ही तैयारियों में जुट जाते हैं। इस बार आभूषण, कपड़े, कॉस्मेटिक्स, गिफ्ट आइटम, मिठाइयों और सजावटी सहित अन्य सामानों की बिक्री में तेजी दिख रही है।

महंगे सोने-चांदी में कम खरीदारी के अनुमान

सर्राफा कारोबारियों का कहना है, सोने व चांदी की बढ़ रही कीमतों के कारण आभूषणों की खरीदारी कम होने का अनुमान है। खासकर सोना लगातार रिकॉर्ड ऊंचाई बना रहा है और इस समय यह 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है। चांदी भी 1.63 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। ऐसे में ज्यादातर महिलाएं सोने के एक-दो ग्राम वाले छोटे आभूषण खरीदने की योजना बना रही हैं।

दो दिनों से बाजार में रौनक

सराफा कारोबारियों की मानें तो कीमतों में रिकॉर्ड तेजी से करवा चौथ पर वजन के लिहाज से सोने की बिक्री घट सकती है। हालांकि, मूल्य के लिहाज से बिक्री पिछले साल के मुकाबले बढ़ने की उम्मीद है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले दो दिनों से बाजारों में खरीदारी का उत्साह नजर आ रहा है। कपड़ों और जूलरी से लेकर साज-श्रृंगार के सामान, गिफ्ट आइटम और पूजा के सामानों की जमकर खरीदारी हो रही है। हालांकि, सोने की पूछताछ तो है, पर खरीदी कम है।

सोने के मुकाबले डायमंड की बढ़ी मांग

इस करवा चौथ की खास बात यह है कि फैंसी और डायमंड जूलरी की सबसे ज्यादा मांग है। महिला-पुरुष दोनों से गहनों की खरीद को लेकर पूछताछ बढ़ी है। सर्राफा कारोबारी बताते हैं कि इस बार ग्राहकों की पसंद में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारी गहनों के बजाय अब हल्के वजन और मॉडर्न डिजाइन वाले आभूषणों की मांग सबसे ज्यादा है। खासतौर पर डायमंड सेट्स, कान के फैंसी कुंडल, चूड़ियां और पेंडेंट की बिक्री तेज हो गई है।

दिल्ली में 4,000 करोड़ के कारोबार की उम्मीद

कारोबारियों की मानें तो सिर्फ दिल्ली में करीब 4,000 करोड़ के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है। करवा चौथ पर महिलाएं साज-श्रृंगार के अलावा करवा, छलनी, दीया और फूलबत्ती आदि की भी खरीदारी करती हैं। कांच की लाल चूड़ियां, बिछिया, पायल, लॉकेट और चूड़ा जैसी अलग-अलग प्रकार की करवे की थाली की भी काफी बिक्री होती है। इस बार चांदी से बने करवे भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिनकी मांग ज्यादा होने की उम्मीद है।

अंगूर खट्टे हैं तो बेल काटने लगे, दिल्ली प्रोटेस्ट पर पहली बार बोले PM मोदी; राहुल गांधी को बताया फेल प्रोडक्ट

दिल्ली नगर निगम में क्यों भिड़े AAP-कांग्रेस पार्षद? विकास फंड से शुरू हुआ विवाद, हाथापाई तक पहुंची बात- VIDEO

नेहा बोरा ने CJP से किया किनारा, हाई कोर्ट में कहा- तिरंगा फहराने के लिए अनुमति जरूरी नहीं; कब आएगा फैसला?

सोनम का झलका दर्द, सरकार पर लगाया वादा खिलाफी का गंभीर आरोप; कहा चीन लद्दाख को नहीं मानता भारत का हिस्सा

रेहान वाड्रा की 74 तस्वीरें प्रदर्शनी से क्यों हटाई गईं? बीकानेर हाउस ने बताई वजह