नितिन नवीन, (राष्ट्रीय अध्यक्ष, बीजेपी) 
बिज़नेस

Budget 2026: युवाओं को नौकरी...सेना कोआधुनिक शस्त्र'; नितिन नवीन ने बजट को बताया विकसित भारत का ब्लूप्रिंट

Nitin Nabin: नितिन नवीन ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जहां दुनिया आर्थिक संकट से जूझ रही है, वहां हमारी इकोनॉमी तेजी से बढ़ रहा।

मनोज आर्या

Nitin Nabin On Budget 2026: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को ऐतिहासिक बताते हुए इसकी सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति देश की जनता के अटूट भरोसे को दर्शाता है, बल्कि 2047 तक भारत को एक 'विकसित राष्ट्र' बनाने के संकल्प की दिशा में एक निर्णायक कदम भी है।

नितिन नवीन ने रविवार को संसद में पेश बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का 'सबका साथ, सबका विकास' का सिद्धांत इस बजट के हर पहलू में स्पष्ट रूप से झलकता है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा लगातार नौवीं बार बजट पेश करना केंद्र सरकार की नीतियों में निरंतरता और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह बजट समाज के हर वर्ग—गरीब, किसान, महिला और युवा—की भलाई सुनिश्चित करने वाला है।

मजबूत अर्थव्यवस्था और नियंत्रित महंगाई

भाजपा अध्यक्ष ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जहाँ दुनिया के कई देश आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, वहीं भारत की अर्थव्यवस्था लगभग सात प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। उनके अनुसार, देश का जीडीपी और जीएसपी लगातार मजबूत हो रहे हैं, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सरकार ने महंगाई को प्रभावी ढंग से नियंत्रण में रखा है।

युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी विकास

नितिन नवीन ने इस बजट को 'युवा केंद्रित' करार दिया। उन्होंने विशेष रूप से सेमीकंडक्टर और बायोफार्मा क्षेत्रों के लिए किए गए वित्तीय प्रावधानों का उल्लेख किया। उन्होने कहा कि सेमीकंडक्टर के लिए लगभग ₹400 करोड़ का आवंटन किया गया है। वहीं, बायोफार्मा सेक्टर के लिए ₹10,000 करोड़ की भारी राशि निर्धारित की गई है। नवीन के अनुसार, यह समर्थन प्रणाली स्पष्ट करती है कि सरकार युवाओं के लिए उच्च तकनीक वाले रोजगार पैदा करने को लेकर कितनी गंभीर है। इसके अतिरिक्त, शिक्षा और बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं को मजबूत करने का इरादा भी बजट में साफ नजर आता है।

ग्राम स्वराज और रक्षा क्षेत्र की मजबूती

बजट में महात्मा गांधी के 'ग्राम स्वराज' के दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी गई है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कुटीर उद्योगों और स्थानीय कारीगरों के लिए किए गए प्रावधानों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वहीं, पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्रों का विकास प्रधानमंत्री के भारत को वैश्विक पटल पर स्थापित करने के विजन के साथ मेल खाता है।

अंत में, उन्होंने रक्षा क्षेत्र के लिए ₹7.8 लाख करोड़ के प्रावधान और परिवहन क्षेत्र में बजट बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि का आवंटन यह दर्शाता है कि मोदी सरकार देश की सीमाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी। यह बजट समाज के मध्यम वर्ग से लेकर दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विकास की किरण पहुँचाने वाला है।

पहली बार PDA रथ से निकलेंगे अखिलेश यादव, 24 सितंबर को रायबरेली में MLA राहुल लोधी के घर लेंगे चाय की चुस्की

क्यों की गई थी रेलवे सुरक्षा बल की स्थापना, IB को करनी पड़ी थी सिफारिश, जानिए पूरा इतिहास

गूंज नहीं, सीधा धमाका, DUSU में ABVP की जीत से गदगद हुई BJP, कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता देश के लिए खतरा, हामिद अंसारी के बयान बवाल, BJP ने किया पलटवार

सहारनपुर से चुनावी आगाज की परंपरा जारी रखेगी BJP? राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे से सियासी हलचल तेज