Highlights:
इनोडाटा ने भारत में करीब 550 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।
कर्मचारियों का लैपटॉप और अन्य डिवाइस का कंट्रोल उनसे छीन लिया गया।
26 अक्टूबर को इस कंपनी में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी हुई।
Innodata Layoffs 500 Employees in India: डेटा इंजीनियरिंग और एआई सर्विस कंपनी इनोडाटा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने भारत में करीब 550 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। कर्मचारियों की इस बात की जानकारी तब मिली, जब वे लंच के बाद वापस काम के लिए लौटे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्मचारियों का लैपटॉप और अन्य डिवाइस का कंट्रोल उनसे छीन लिया गया।
इसके अलावा उनकी ऑफिशियल ID भी डीएक्टिवेट हो गईं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि 26 अक्टूबर को इस कंपनी में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी हुई।
ऐसी जानकारी है कि भारत के साथ-साथ फिलीपींस के कर्मचारी भी इस छंटनी से प्रभावित हुए हैं। छंटनी होने वाले कर्मचारियों में रेटर्स, क्वालिटी एक्सपर्ट्स, टीम लीडर्स और मैनेजर्स जैसे जॉब रोल्स शामिल थे, जिन्हें Zoom मीटिंग के दौरान नौकरी से निकाल दिया गया।
कुछ कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी के एचआर पेरोल सिस्टम (HR Payroll System) पर उनके इस्तीफे की तारीख 26 अक्टूबर दर्ज मिली। खबर है कि मैनेजरों को भी नौकरी से निकाले जाने की कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद जिन चुने हुए कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया था, उन्हें उनके पर्सनल ईमेल ID पर टर्मिनेशन ईमेल मिले।
एक सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, कंपनी की ओर से कर्मचारियों को मिले ईमेल में लिखा था कि आपको औपचारिक रूप से सूचित किया जा रहा है कि, जिस बिजनेस असाइनमेंट के लिए आपको नौकरी पर रखा गया था, उसके रैंप-डाउन के कारण कंपनी ने इनोडेटा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ आपकी नौकरी 26 अक्टूबर 2026 से खत्म करने का फैसला किया है, जो आपका आखिरी वर्किंग डे होगा।
इस बीच, इंडिया टुडे ने एक अनजान कर्मचारी के हवाले से कहा कि एक-एक करके, हम अपने ऑफिशियल डिवाइस का एक्सेस खोने लगे। लैपटॉप लॉग आउट हो गए और ऑफिशियल ID डीएक्टिवेट हो गईं।
जैसा कि वायरल टर्मिनेशन लेटर में बताया गया है, इस फैसले पीछे का कारण ऑपरेशनल जरूरतें बताई जा रही हैं, न कि पर्सनल परफॉर्मेंस। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का फाइनल सेटलमेंट कंपनी के एसेट्स वापस करने के बाद प्रोसेस किया जाएगा।
इनोडेटा एक अमेरिका-बेस्ड डेटा इंजीनियरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सर्विस कंपनी है। रिजफील्ड पार्क, न्यू जर्सी में हेडक्वार्टर वाली इस कंपनी ने Google, Microsoft, Amazon, Apple, Sony, Hewlett-Packard, Snowflake, Boeing और Deloitte जैसे कंपनियों को अपने क्लाइंट के तौर पर लिस्ट किया है।
31 दिसंबर, 2025 तक कंपनी के दुनिया भर में 10,107 कर्मचारी थे। कंपनी ने अभी तक कर्मचारियों के वायरल दावों पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है।