Highlights:
अडानी ग्रुप ने एयरलाइन कंपनियों में निवेश के लिए सरकार से अनुमति मांगी है।
निवेश फंड, दूसरी एयरलाइन या किसी उद्यमी के साथ साझेदारी के जरिए किया जा सकता है।
ग्रुप का वित्त वर्ष 2026-27 का कैपेक्स 41% बढ़कर 2.2 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
Adani Group Investment in Aviation Sector: अडानी ग्रुप, जिसका कारोबार कई क्षेत्रों में फैला है। जिसमें देश के कई हवाई अड्डों का संचालन भी शामिल है। अडाणी ग्रुप ने एविएशन सेक्टर में निवेश करने के लिए सरकार से अनुमति मांगी है।
ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) जुगेशिंदर 'रॉबी' सिंह ने बताया कि देश में 60 करोड़ (600 मिलियन) से अधिक लोगों के हवाई यात्रा करने की संभावना है। इसके लिए, वर्तमान में चल रही उड़ानों की संख्या को लगभग 10 गुना बढ़ाकर 30,000 तक ले जाने की जरूरत है।
यहां आयोजित 'इंडिया डेट कैपिटल मार्केट्स कॉन्फ्रेंस' के दौरान उन्होंने कहा, "यही वजह है कि हमने सरकार से कम से कम निवेश करने की अनुमति मांगी है, ताकि हम एयरलाइन कंपनियों की ग्रोथ में मदद कर सकें। यह काम किसी फंड के जरिए, किसी दूसरी एयरलाइन में निवेश करके, या इस सेक्टर में आने की इच्छा रखने वाले किसी उद्यमी के साथ साझेदारी करके किया जा सकता है।"
इस साल जुलाई में, अडानी ग्रुप ने कहा था कि वह एयरलाइन कारोबार में उतरने के किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रहा है। 3 नवंबर को, अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के CEO अरुण बंसल ने भी एयरलाइन सेक्टर में उतरने की संभावना को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि अपने ही ग्राहकों के साथ मुकाबला करना कभी भी एक अच्छी रणनीति नहीं होती।
अडानी ग्रुप अभी देश में आठ हवाई अड्डों का संचालन करता है, जिनमें मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और गुवाहाटी के हवाई अड्डे शामिल हैं। देश के कुल हवाई यात्रियों में से एक-चौथाई से अधिक यात्री इन्हीं हवाई अड्डों से होकर गुजरते हैं।
देश का एयरलाइन उद्योग अभी मुख्य रूप से दो कंपनियों के पास है। टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली एयर इंडिया और राहुल भाटिया के नेतृत्व वाली इंडिगो। इन दोनों कंपनियों के पास घरेलू एविएशन मार्केट का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा है। ऐसे में अगर अब अडाणी ग्रुप को भी एयरलाइन उद्योग में निवेश की अनुमति मिलती है, तो यह इंडिगो और एयर इंडिया के लिए चुनौती से कम नहीं होगा।
कई अलग-अलग बिजनेस सेक्टर में काम करने वाले अडानी ग्रुप का कैपेक्स चालू वित्त वर्ष में 41% से ज्यादा बढ़कर 2.2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। यह जानकारी शुक्रवार को ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) जुगेशिंदर 'रॉबी' सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि हालांकि अडानी ग्रुप के पास सालाना 4.5 लाख करोड़ रुपये से 5 लाख करोड़ रुपये तक निवेश करने की वित्तीय क्षमता है, लेकिन इसकी 'एग्जीक्यूशन कैपेसिटी' यानी इतने बड़े पैमाने के प्रोजेक्ट्स को असल में जमीन पर उतारने की क्षमता फिलहाल सीमित है।
CFO सिंह ने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर पर फोकस करने वाले इस ग्रुप ने वित्त वर्ष 2025-26 में 1.56 लाख करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2024-25 में 1.10 लाख करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2023-24 में 80,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया है।
ग्रुप अपनी कुल पूंजी की जरूरत का 70-75% हिस्सा घरेलू पूंजी बाजार से जुटाने की योजना बना रहा है। फिलहाल, ग्रुप के कुल कर्ज में घरेलू फाइनेंसिंग का हिस्सा लगभग 56% है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों से फंड जुटाने के बारे में सिंह ने संकेत दिया कि ग्रुप वित्त वर्ष 2027-28 में डॉलर-डिनोमिनेटेड पब्लिक बॉन्ड जारी करने पर विचार कर सकता है, जिसमें 20 साल की अवधि वाले बॉन्ड भी शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि ग्रुप की कंपनियों पर लगभग 600 मिलियन डॉलर का कर्ज है जो जल्द ही मैच्योर होने वाला है। इन कंपनियों के पास कर्ज चुकाने के लिए पर्याप्त कैश मौजूद है, हालांकि मौजूदा कर्ज के कुछ हिस्से को रीफाइनेंस भी किया जा सकता है।
CFO सिंह के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में ग्रुप को लगभग 1.3 से 1.4 लाख करोड़ रुपये तक कर्ज लेने की जरूरत पड़ सकती है, और अगले वित्त वर्ष में भी लगभग इतनी ही जरूरत रहने का अनुमान है। पूंजी जुटाने की लागत 2019 की तुलना में लगभग 1.8 प्रतिशत कम है।
उन्होंने बताया कि समूह का कुल सकल कर्ज लगभग ₹3.2–3.3 लाख करोड़ है, और इसका नेट डेट-टू-EBITDA अनुपात 2.8–3 गुना है। सिंह ने कहा कि भारत के व्यापार समझौते समूह के एयरपोर्ट और पोर्ट व्यवसायों को अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाएंगे।