Nitish Kumar Reaction: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में प्रचंड जीत पर राज्य के सीएम और जेडीयू मुखिया नीतीश कुमार की पहली प्रतिक्रिया आ चुकी है। बीच में कुछ महीनों को छोड़कर 2005 से लगातार बिहार में सीएम की कुर्सी संभाल रहे नीतीश कुमार ने बंपर जीत के बाद पीएम मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार की जनता का भी आभार जताया है।
सीएम नीतीश कुमार ने सबसे पहले जनता का आभार जताते हुए कहा, ‘बिहार विधान सभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद।’
इसके साथ ही पीएम मोदी और गठबंधन के दूसरे सहयोगियों का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद।'
जेडीयू अध्यभ ने आगे लिखा कि एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए गठबंधन के सभी साथियों- चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेन्द्र कुशवाहा जी को भी धन्यवाद एवं आभार।
आभार जताने के अलावा नीतीश कुमार ने बिहार को सबसे ज्यादा विकसित बनाने का वादा किया। उन्होंने लिखा कि आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। गौरतलब है कि बिहार चुनाव में जेडीयू दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
यह भी पढ़ें: शाह ने बनाई ‘बिहार विजय’ की राह, BJP के चाणक्य ने कैसे पलट दी हारी हुई बाजी, हैरान कर देगा ये प्लान!
आपको बता दें कि नीतीश कुमार की पार्टी शाम साढ़े छह बजे तक नतीजों/रुझानों में 83 सीटें हासिल कर चुकी है। जबकि 2020 में जेडीयू तीसरे स्थान पर रही थी। इसके साथ ही एनडीए 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करता दिख रहा है, जबकि महागठबंधन 40 से कम पर सिमटता हुआ नजर आ रहा है।