Nishant Kumar Funny Yoga Patna Video: आज, 21 जून को पूरे देश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के रेड रोड पर 35,000 लोगों के साथ योग किया। वहीं, अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी योग सत्रों में हिस्सा लिया।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों में बड़े उत्साह के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। नेताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और समग्र कल्याण का संदेश दिया।
इसी बीच, बिहार के पटना में हुए एक योग सत्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ योग करते दिख रहे हैं। उनके अजीबोगरीब योग मूव्स ने सभी को हैरान कर दिया है।
वायरल वीडियो में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ योग करते देखा जा सकता है। जहां भीड़ एक साथ झुककर और बताए गए क्रम में आसन कर रही है, वहीं निशांत कुमार बिल्कुल अलग अंदाज़ में योग करते दिख रहे हैं। उनके अजीब हरकतों पर कई मीम्स बन रहे हैं।
वीडियो से लगता है कि निशांत कुमार को योग इंस्ट्रक्टर के निर्देश समझने में मुश्किल हो रही है। कभी वे रुक जाते हैं, तो कभी गलत दिशा में अपने हाथ उठा लेते हैं। स्वास्थ्य मंत्री का इस तरह योग करना कैबिनेट पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस वीडियो पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
निशांत कुमार का योग का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, "इस तमाशे को देखिए। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री, निशांत कुमार, ठीक से योग भी नहीं कर पाते। स्वास्थ्य मंत्री बनने के लिए वे सबसे अयोग्य व्यक्ति हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी ने उन्हें यह पद इसलिए दिया है क्योंकि वे नीतीश कुमार के बेटे हैं। और फिर भी वे परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ लड़ने का दावा करते हैं।"
यह भी पढ़ें - कोलकाता के रेड रोड पर पीएम मोदी का महा-योग! 35000 लोगों के साथ की योग साधना, बोले- योग सबको जोड़ता है
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, "मिलिए बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से। पता नहीं वह योग कर रहे हैं या सर्कस, लेकिन उन्हें सच में मेडिकल मदद की जरूरत है।"
एक यूजर ने लिखा, "हे प्रभु, हे हरि राम, कृष्ण, जगन्नाथम, प्रेमानंद...आखिर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार योग के नाम पर क्या कर रहे हैं?" इस तरह कई यूजर्स सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे है।
पटना में बिहार विधानसभा परिसर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत उनके मंत्रिमंडल ने हिस्सा लिया। इस दौरान विधायकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग और ध्यान सत्रों में हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक शांति का संदेश दिया।