Bihar: पूर्व डिप्टी सीएम के बंगले में रहेंगे निशांत कुमार! रामकृपाल को भी मिला 2 देशरत्न मार्ग का सरकारी आवास

Bihar Minister Residence: बिहार सरकार ने अपने दो मंत्रियों के आवास में बड़ा फेरबदल करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को 5 देशरत्न मार्ग बंगला आवंटित किया है। यहां पहले पूर्व डिप्टी सीएम रहते थे।
Government Reshuffles Bihar Ministerial Bungalows, Nishant Kumar Gets 5 Deshratna Marg
रामकृपाल- निशांत कुमार (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bihar Minister Residence Reshuffle: बिहार सरकार ने सरकारी बंगलों को लेकर चल रहे चर्चाओं के बीच दो मंत्रियों के आवास में बड़ा फेरबदल किया है। बिहार की राज्य सरकार ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को राजधानी पटना के 5 देशरत्न मार्ग बंगला आवंटित किया है। साथ ही मंत्री रामकृपाल यादव को 2 देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी बंगला दिया है। सोमवार को भवन निर्माण विभाग की ओर से इन आवासों का आवंटन आदेश जारी किया गया। बता दें कि अब निशांत कुमार उसी बंगले में रहेंगे, जहां पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने डिप्टी सीएम पद के कार्यकाल के दौरान रहते थे। हालांकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब सीएम हाउस लोक सेवक आवास में रहते हैं।

रामकृपाल यादव को मिला 2 देशरत्न मार्ग का बंगला

बता दें कि सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव को 2 देशरत्न मार्ग का सरकारी आवास आवंटित किया गया है। यह पहले विधानसभा अध्यक्ष के लिए आवंटित किया गया था। इससे पहले यह बंगला स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को आवंटित किया गया था, लेकिन अब नए आदेश के तहत यह बंगला रामकृपाल यादव को दिया गया है।

दरअसल सम्राट चौधरी के 5 देश रत्न मार्ग का बंगला खाली करने के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि यह बंगला किसको आवंटित किया जाएगा क्योंकि राजनीतिक हलकों में 5 देशरत्न मार्ग बेहद महत्वपूर्ण आवास माना जाता है।

यह बंगला आमतौर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री के लिए निर्धारित होता है। नीतीश कुमार सरकार में जब सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री थे तब उन्हें वह आवास दिया गया था। इसलिए सम्राट सरकार के गठन के बाद यह आवास उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को आवंटित होना था। लेकिन उन्होंने इस बंगले में रहने की इच्छा नहीं जताई। जिसके बाद सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद 5 देशरत्न मार्ग बंगला स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नाम आवंटित कर दिया गया।

तेजस्वी यादव को भी मिला था 5 देश रत्न मार्ग का यह बंगला

5 देश रत्न मार्ग का यह बंगला तेजस्वी यादव को भी मिल चुका है। बता दें कि मंत्रियों के लिए आवंटित होने वाले बंगले में 5 देशरत्न सबसे अधिक सुसज्जित बंगला है। यह उपमुख्यमंत्री के रूप में सुशील मोदी और तारकिशोर प्रसाद  को भी आवंटित हुआ था।