बिहार में दूसरे चरण का मतदान लाइव (डिजाइन फोटो) 
बिहार

Bihar Chunav Voting: दूसरे चरण का मतदान खत्म, 68.73% रहे वोटिंग के आंकड़ें

Bihar Assembly Election 2025 Voting Live Updates: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग अब शुरू हो गई है। इसमें 122 सीटों के कुल 1302 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

अभिषेक सिंह

Bihar Chunav Voting Live: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग शुरू हो गई है। इस चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के मतदान के लिए सभी विधानसभाओं में कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां तकरीबन 3.5 करोड़ मतदाता, करीब 1302 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने वाले हैं।

दूसरे चरण में इन जिलों में वोटिंग

दूसरे चरण में बिहार के जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें- पश्चिम व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास जिला शामिल है।

कहां कितने बजे तक होगा मतदान?

इस चरण के अधिक संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों और बूथों की पहचान की गई है। जिसमें इमामगंज विधानसभा के सात अतिसंवेदनशील बूथों पर दोपहर 3 बजे तक और 354 बूथों पर शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके अलावा बोधगया विधानसभा क्षेत्र में 200 बूथों पर शाम 4 बजे तक और 106 बूथों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वहीं, चैनपुर, रजौली, गोविंदपुर, सिकंदरा, जमुई, झाझा और चकाई विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर शाम 4 बजे तक ही वोटिंग होगी।

दांव पर होगी किन दिग्गजों की साख?

दूसरे चरण में जिन मौजूदा मंत्रियों की साख दांव पर है। उनमें- सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, अमरपुर से जयंत राज, झंझारपुर से नीतीश मिश्र, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, धमदाहा से लेशी सिंह, बेतिया से रेणु देवी, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान शामिल हैं।

दूसरी तरफ महागठबंधन के बड़े चेहरों की बात करें तो इनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, राजद से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, कटिहार के कदवा से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, भाकपा माले विधायक दल के नेता महबूब आलम की साख भी दांव पर लगी है।

दूसरे चरण का मतदान संपन्न

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान समाप्त हो गया है। जिन बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया था, वहां मतदान शाम पांच बजे ही रोक दिया गया। बाकी बूथों पर मतदान छह बजे तक जारी रहा। हालांकि जिन केंद्रों पर वोटिंग देरी से शुरू हुई थी और छह बजे तक मतदाता कतार में खड़े थे, वहां मतदान थोड़ी देर से खत्म हुआ।

मोतिहारी में फर्जी मतदान का मामला, पांच लोग को हिरासत में

मोतिहारी में फर्जी मतदान का मामला सामने आया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाका विधानसभा क्षेत्र के पचपकड़ी थाना इलाके के बूथ संख्या 352 और 356 से पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें बुर्का पहनकर दूसरे के नाम पर वोट डालने आई तीन महिलाएं और दो युवक शामिल हैं। फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।

सोशल मीडिया पर 'भ्रामक' पोस्ट के लिए राजद के खिलाफ BJP ने की शिकायत

भाजपा ने राजद के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा का आरोप है कि बिहार चुनाव के दूसरे चरण के दौरान राजद ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। पार्टी ने कहा कि राजद के सोशल मीडिया पोस्ट का उद्देश्य मतदान के दिन मतदाताओं को प्रभावित करना था, जिसे भाजपा ने “मतदाताओं की धारणा को प्रभावित करने का प्रयास” करार दिया है।

बिहार विधानसभा चुनाव में रिकार्डतोड़ वोटिंग, शाम 5 बजे तक 67.14 तक पहुंचा आंकड़ा

बिहार विधानसभा के दूसरे चरण में वोटिंग जारी है। शाम पांच तक के आंकड़े देखें तो मतदान 67.14 प्रतिशत तक पहुंच गया है। लोग अभी भी लाइन में लगे हैं। जो लोग लाइन में लगे हैं उन्हें मतदान का अधिकार है।

सीतामढ़ी में पोलिंग एजेंट के खिलाफ एफआईआर

सीतामढ़ी के रुन्नी सैदपुर राजकीय मध्य विद्यालय बूथ नंबर 270 पर पोलिंग एजेंट गौतम कुमार के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है।
पोलिंग एजेंट गौतम कुमार उम्मीदवार का पम्पलेट पोलिंग स्टेशन के अंदर मतदाताओं को दिखा कर प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे।

111 साल की उम्र में भी बुजुर्ग महिला मतदान करने पहुंची

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह देखने लायक था। सुपौल की 111 वर्षीय नशिमा खातुन ने व्हीलचेयर पर मतदान किया। वहीं, रोहतास के 95 वर्षीय राम चेला यादव खाट पर लेटकर वोट डालने पहुंचे। इनके संकल्प ने संदेश दिया कि लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेना हर नागरिक का कर्तव्य है, उम्र चाहे जितनी भी हो।

तेजस्वी यादव की अपील: वोट डाले बिना लाइन से न हटें

बिहार में महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान ने संदेश दिया है कि जनता को ‘नतीजा’ चाहिए, ‘जुमला’ नहीं । प्रशासन द्वारा रफ्तार धीमी करने के आरोप के बावजूद, उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे कतार में लगे रहें और वोट डाले बिना वापस न लौटें। दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

मोतिहारी फर्जी मतदान: बुर्का पहनकर वोट डालने आए तीन युवक और तीन महिलाएं हिरासत में

मोतिहारी के ढाका विधानसभा क्षेत्र में, पचपकड़ी थाना क्षेत्र के बूथ संख्या 352 और 356 पर फर्जी मतदान करने पहुंची तीन महिलाओं और तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया गया कि महिलाएँ बुर्का पहनकर आई थीं। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने शक के आधार पर जांच की तो यह मामला सामने आया। सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है, क्योंकि पुलिस गड़बड़ी रोकने के लिए सतर्कता बरत रही है।

दूसरे चरण में अब तक बंपर 60.40 फीसदी वोटिंग, किशनगंज सबसे आगे, देखिए लिस्ट

दूसरे चरण का मतदान जारी है। दोपहर तीन बजे ही 60 फीसदी से अधिक लोगों ने मतदान किया है। देखिए लिस्ट:

क्रमांक ज़िला (District) मतदान प्रतिशत (%)
1 पश्चिम चंपारण 61.99
2 पूर्वी चंपारण 61.92
3 शिवहर 61.85
4 सीतामढ़ी 58.32
5 मधुबनी 55.53
6 सुपौल 62.06
7 अररिया 59.80
8 किशनगंज 66.10
9 पूर्णिया 64.22
10 कटिहार 63.80
11 भागलपुर 58.37
12 बांका 63.03
13 कैमूर (भभुआ) 62.26
14 रोहतास 55.92
15 अरवल 58.26
16 जहानाबाद 58.72
17 औरंगाबाद 60.59
18 गया 62.74
19 नवादा 53.17
20 जमुई 63.33

एनडीए के 120 में से लगभग 80 उम्मीदवार जीतेंगे, बोले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "चुनाव के पहले चरण में 65% मतदान हुआ था। हमें उम्मीद है कि दूसरे चरण में भी मतदान लगभग 65-66% से कम नहीं होगा। एनडीए के 120 में से लगभग 80 उम्मीदवार जीतेंगे।"

मांझी ने वोट डालने के बाद किया बड़ा दावा, बोले- NDA 122 में से 80 सीटें जीतेगा

गयाजी में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दूसरे चरण में मतदान किया। उन्होंने भारत के गणतंत्र में सभी के समान मताधिकार की व्यवस्था की सराहना की। NDA की वकालत करते हुए, मांझी ने दावा किया कि प्रथम चरण की तरह इस बार भी महिलाओं का योगदान अधिक रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि NDA 122 में से कम से कम 80 सीटें जीतेगा, और उनके क्षेत्र में भी आधे से ज्यादा मत NDA को मिला है।

औरंगाबाद के रायपुरा बूथ पर वोट विवाद में मारपीट, छह घायल

औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के रायपुरा बूथ पर वोट देने के विवाद में महादलित परिवारों पर हमला किया गया। इस घटना में दो महिलाओं सहित कुल छह लोग घायल हो गए हैं। यह रायपुरा बूथ निवर्तमान विधायक और औरंगाबाद विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आनंद शंकर सिंह का गांव भी है।

दूसरे चरण में बंपर वोटिंग जारी, दोपहर एक बजे तक 47.62 फीसदी मतदान हुआ

दूसरे चरण में बंपर वोटिंग जारी है। दोपहर एक बजे तक 47.62 फीसदी मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं-

क्रमांक जिला मतदान प्रतिशत (%)
1 पश्चिम चंपारण 48.91%
2 पूर्वी चंपारण 48.01%
3 शिवहर 48.23%
4 सीतामढ़ी 45.28%
5 मधुबनी 43.39%
6 सुपौल 48.22%
7 अररिया 46.87%
8 किशनगंज 51.86% (सर्वाधिक)
9 पूर्णिया 49.63%
10 कटिहार 48.50%
11 भागलपुर 45.09%
12 बांका 50.07%
13 कैमूर (भभुआ) 49.89%
14 रोहतास 45.19%
15 अरवल 47.11%
16 जहानाबाद 46.07%
17 औरंगाबाद 49.45%
18 गया 50.95%
19 नवादा 43.45%
20 जमुई 50.91%

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में एक बजे तक 47.62 फीसदी वोटिंग

बिहार विधानसभा के दूसरे चरण में मतदाताओं की तेजी ने पहले चरण का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया है। सेकेंड फेज में अब तक 47.62 फीसदी मतदान दर्ज किया जा चुका है। पहले चरण में एक बजे तक यह आंकड़ा 42.31 प्रतिशत था।

14 नवंबर को बिहारवासी विजय की दीपावली मनाएंगे: पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने भागलपुर में परिवार संग मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि बिहार में इस बार फिर एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी, और 14 नवंबर को बिहारवासी विजय की दीपावली मनाएंगे। दिल्ली हमले पर दुख जताते हुए चौबे ने इसे पाकिस्तान की साजिश बताया। उन्होंने कड़ी चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान नहीं सुधरा तो हिंदुस्तान उसे बख्शेगा नहीं। उन्होंने जनता से निर्भय होकर मतदान करने की अपील भी की।

मोतिहारी में चुनाव चिन्ह वाली पर्ची बांटने के आरोप में दो गिरफ्तार

बिहार चुनाव के दूसरे चरण के दौरान, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की। राजद ने आरोप लगाया कि मोतिहारी विधानसभा के बूथ नंबर 229 और 230 पर भाजपा के पोलिंग एजेंट जानबूझकर उम्मीदवारों की तस्वीरें और चुनाव चिन्ह वाली पर्ची मतदाताओं को दिखा दिखाकर बांट रहे थे। चुनाव आयोग ने इस मामले का संज्ञान लिया। कार्रवाई करते हुए, प्राथमिकी दर्ज की गई है और दो गिरफ्तारियां की गई हैं।

अरवल में मतदान के दौरान हार्ट अटैक से पीठासीन पदाधिकारी की मौत, निर्वाचन आयोग ने जताया शोक

बिहार के अरवल जिले में मतदान के दौरान ड्यूटी पर तैनात पीठासीन पदाधिकारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। निर्वाचन आयोग ने घटना पर दुख जताया है और परिवार को सहायता राशि देने की घोषणा की है।

भाजपा नेता चौबे का दावा: बिहार में NDA को मिलेंगी 200 सीटें

भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने बिहार के लोगों से लोकतंत्र का यह महान पर्व खुशहाली से मनाने की अपील की है। उन्होंने दावा किया कि लोग विकसित बिहार बनाने और विकास के नाम पर NDA के पक्ष में मतदान कर रहे हैं, जिससे पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथ मजबूत होंगे। चौबे ने भविष्यवाणी की कि रुझान 2010 के बाद 180 से अधिक सीटों की ओर इशारा कर रहे हैं, जो 200 तक जा सकते हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान जहानाबाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, चार लोग घायल

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान के बीच जहानाबाद जिले से हिंसा की खबर सामने आई है। मतदान के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिसमें चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई।

प्रशांत किशोर ने रोहतास में वोट डाला, 'बदलाव' लाने की अपील की

जन सुराज के प्रशांत किशोर रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र के अपने पैतृक गांव कोनार पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने बिहार में बदलाव लाने के लिए लोगों से आगे आकर अपने मतदान अधिकार का प्रयोग करने की अपील की। किशोर ने कहा कि हर वोट महत्वपूर्ण है। उनकी इस पहल से गांव में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। इस दौरान, करगहर विधानसभा के जन सुराज प्रत्याशी गायक रितेश पांडे भी उनके साथ मौजूद रहे।

घर में पसरा था मातम, फिर भी परिवार ने निभाया लोकतांत्रिक दायित्व, सबने डाला वोट

किशनगंज के योगी टोला गांव में मतदान के दिन सुबह 100 वर्षीय महिला का निधन हो गया। शोक के माहौल के बावजूद, परिवार के 12 सदस्यों ने शव को घर में रखकर पहले ठाकुरगंज विधानसभा के बूथ संख्या 345 पर शांतिपूर्वक मतदान किया। परिवार का यह कदम लोकतंत्र के प्रति उनकी गहरी आस्था और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक माना जा रहा है।

20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी; EVM खराबी से देरी, 11 बजे तक 31.38% वोटिंग

बिहार के 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। सुबह 11 बजे तक 31.38 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा वोटिंग किशनगंज में हुई है। हालांकि, कुछ बूथों पर EVM खराब होने के कारण मतदान में देरी की ख़बरें भी सामने आई हैं।

क्रमांक जिला मतदान प्रतिशत (%)
1 पश्चिम चंपारण 32.39%
2 पूर्वी चंपारण 31.16%
3 शिवहर 31.58%
4 सीतामढ़ी 29.81%
5 मधुबनी 28.66%
6 सुपौल 31.69%
7 अररिया 31.88%
8 किशनगंज 34.79%
9 पूर्णिया 32.94%
10 कटिहार 30.83%
11 भागलपुर 29.08%
12 बांका 32.91%
13 कैमूर (भभुआ) 31.98%
14 रोहतास 29.80%
15 अरवल 31.87%
16 जहानाबाद 30.36%
17 औरंगाबाद 32.88%
18 गया 34.07%
19 नवादा 29.02%
20 जमुई 33.69%

नवादा में राजनीतिक समर्थकों में भिड़ंत, एसपी बोले- स्थिति नियंत्रण में

बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में नवादा जिले के वारिसलीगंज क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच मामूली झड़प हुई। नवादा एसपी अभिनव धिमन ने बताया कि यह घटना मतदान केंद्र से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर हुई और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एसपी ने सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त होने की अफवाहों को निराधार बताया, कहा कि वह एक निजी वाहन था। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

पुल-सड़क की मांग पर अड़े मतदाता, बगहा के 22 गांवों सहित रोहतास में भी वोट बहिष्कार

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान कई स्थानों पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया है। बगहा के रामनगर विधानसभा के दोन क्षेत्र में 22 गांवों के मतदाताओं ने वोट नहीं देने का फैसला किया है। इन 18 बूथों पर लगभग 15,000 मतदाता पुल, सड़क, स्कूल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग पर अड़े हैं, जिसके कारण एक भी मतदाता बूथ तक नहीं पहुंचा।
इसी तरह, रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अखोड़ी पंचायत के लड्डूई बिशनपुरा गांव के बूथ संख्या 175 और 176 पर भी वोट बहिष्कार जारी है। प्रशासनिक अधिकारियों को इस वोट बहिष्कार की जानकारी हो गई है और वे आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।

"चारों तरफ केवल NDA ही दिख रहा है" - उपेंद्र कुशवाहा ने जताया भारी जीत का विश्वास

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार चुनाव के रुझानों पर अत्यधिक सकारात्मक आकलन व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि "इतनी अच्छी खबर है" कि चारों तरफ "केवल NDA ही दिख रहा है"। कुशवाहा ने बताया कि मतदाताओं में "जबरदस्त उत्साह है" और खास तौर पर महिला मतदाता "पूरे तौर पर उत्साहित होकर मतदान कर रही हैं"। रुझानों के आधार पर, उन्हें पूरा विश्वास है कि NDA के पक्ष में परिणाम "अपेक्षा से कई गुना ज्यादा" आने वाला है।

सासाराम के निर्दलीय प्रत्याशी विवेक कुमार उर्फ डब्लू पर FIR दर्ज, आचार संहिता के उल्लंघन का मामला

सासाराम के निर्दलीय प्रत्याशी विवेक कुमार उर्फ डब्लू पर आदर्श आचार संहिता के तहत एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। एसपी रोहतास रोशन कुमार ने इस मामले की जानकारी दी है।
निर्दलीय प्रत्याशी विवेक कुमार उर्फ डब्लू भैया पर यह मामला आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में दर्ज हुआ है। विवेक कुमार रिश्ते में सासाराम नगर निगम की मेयर काजल कुमारी के देवर बताए जाते हैं।

103 साल की रेणु बाला दास बेटे की गोद में बैठकर वोट डालने पहुंची बूथ

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं का जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। ऐसी ही दो भावुक तस्वीरें सामने आई हैं। कटिहार के मतदान केंद्र पर 90 वर्षीय महिला वोट देने पहुंचीं, जिन्हें दो लोगों ने सहारा दिया। बांका में 103 वर्षीय रेणु वाला दास को उनके पुत्र ने गोद में उठाकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया। यह दृश्य बुजुर्गों में मतदान के प्रति असाधारण जुनून को दर्शाता है।

मोतिहारी में राजद प्रत्याशी पर पैसा बांटने का आरोप, नगदी बरामद

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले हरसिद्धि और मोतिहारी विधानसभा क्षेत्रों से राजद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों पर मतदाताओं को पैसे बांटने के आरोप लगे हैं। जिला प्रशासन ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिहार चुनाव 2025: खरगे की बिहार की जनता से अपील: 20 साल की 'भ्रष्ट' सरकार बदलने का वक्त, बदलाव के उत्सव में हों शामिल

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडियाा के ज़रिए बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में लोगों से अधिक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिहार ने 20 वर्षों से एक अवसरवादी, भ्रष्टाचार युक्त व ग़रीब एवं वंचित विरोधी सरकार को झेला है, और अब परिवर्तन का समय आ गया है। खरगे ने आग्रह किया कि बिहार को आर्थिक विकास, सामाजिक न्याय और समानता से भरपूर एक 'मॉडल' की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि यह दलित, पिछड़े, और अल्पसंख्यक वर्गों को न्याय दिलाने, साथ ही युवाओं को नौकरी, महिलाओं को सुरक्षा, और किसानों को उनके अधिकार सुनिश्चित करने का अवसर है। उन्होंने खास तौर पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से बदलाव के इस उत्सव में सम्मिलित होने का अनुरोध किया है।

सुबह नौ बजे तक 14.55 प्रतिशत मतदान

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से सुबह नौ बजे तक मतदान प्रतिशत जारी कर दिया गया है। अब तक कुल 14.55 प्रतिशत मतदान हुआ है। बता दें कि कहीं-कहीं मतदान देर से शुरू हुआ।

क्रमांक जिला मतदान प्रतिशत (%)
1 पश्चिम चंपारण 15.04%
2 पूर्वी चंपारण 14.11%
3 शिवहर 13.94%
4 सीतामढ़ी 13.49%
5 मधुबनी 13.25%
6 सुपौल 14.85%
7 अररिया 15.34%
8 किशनगंज 15.81%
9 पूर्णिया 15.54%
10 कटिहार 13.77%
11 भागलपुर 13.43%
12 बांका 15.14%
13 कैमूर (भभुआ) 15.08%
14 रोहतास 14.16%
15 अरवल 14.95%
16 जहानाबाद 13.81%
17 औरंगाबाद 15.43%
18 गया 15.97%
19 नवादा 13.46%
20 जमुई 15.77%

बिहार चुनाव 2025: "इससे अच्छी सरकार नहीं" - जीतन राम मांझी ने की NDA के लिए अधिकतम मतदान की अपील

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर जनता से अपील की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोगों ने 6 तारीख को मतदान किया था, आज उससे भी ज्यादा वोट दें और NDA के पक्ष में मतदान करें। मांझी ने दावा किया कि NDA से अच्छी सरकार नहीं हो सकती। उन्होंने विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि अब सड़कें अच्छी बन गई हैं और 24 घंटे बिजली आ रही है। स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि अब अस्पतालों में दवाइयां हैं, जबकि पहले वहां जानवर बैठा करते थे। उन्होंने लोगों से खूब वोट देने और NDA के पक्ष में वोट देने की अपील दोहराई।

'लोकतंत्र में गलत': पप्पू यादव ने लगाए सीमांचल-कोसी चुनाव में लाठीचार्ज और मशीन खराबी के आरोप

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कई बूथों पर मतदाताओं पर लाठी चार्ज किया जा रहा है और मशीनें भी खराब हैं। यादव ने इस कृत्य को लोकतंत्र में गलत बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमांचल-कोसी क्षेत्र जिसके साथ खड़ा होता है, सरकार उसी की बनती है, इसलिए यह क्षेत्र निर्णायक है।

दिल्ली ब्लास्ट से विचलित न हों: प्रशांत किशोर

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दिल्ली में हुए धमाके पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ऐसी घटनाएं यदा कदा होती रहती हैं, जिससे बिहार के लोगों को विचलित नहीं होना चाहिए। किशोर ने जोर दिया कि बिहार का चुनाव राज्य के मुद्दों पर होना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को देश का मामला बताते हुए कहा कि सब लोग सरकार के साथ खड़े हैं और सरकार उचित कार्रवाई करेगी।

ईवीएम में खराबी के कारण बिहार के इन जगहों में मतदान प्रक्रिया प्रभावित

बिहार में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम (EVM) में आई तकनीकी खराबी के कारण वोटिंग प्रक्रिया में देरी हुई है। अररिया जिले के जोगबनी, कोचगामा और बगुआ बूथों पर पिछले एक घंटे से ईवीएम खराब थी, जिससे मतदान प्रभावित रहा। सीतामढ़ी के बूथ संख्या 293 पर भी ईवीएम की खराबी के कारण प्रक्रिया में देरी हुई। सुपौल शहर के बूथ संख्या 187 पर मॉक पोल और सीलिंग में देरी की वजह से मतदान 20 मिनट बाद शुरू हुआ। पूर्णिया के भट्ठा बाजार इलाके के बूथ संख्या 89 पर भी मतदान देर से शुरू हुआ।

बिहार चुनाव जीत पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का दावा, बोले- पूरी तरह आश्वस्त हूं

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर की सुबह से शुरू हो चुका है, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। चुनाव के अंतिम चरण से ठीक पहले, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने जीत का दावा करते हुए कहा है कि वह पूरी तरह आश्वस्त हैं कि बिहार में उनकी सरकार बनने जा रही है। खेड़ा ने बताया कि समर्थकों और मतदाताओं में दिख रहा भारी उत्साह इस बात का संकेत है कि उन्हें बहुमत प्राप्त होगा।

पोलिंग बूथ के बाहर महिलाओं की लगी लंबी लाइन, ले रही हैं बढ़-चढ़ कर हिस्सा

बिहार चुनाव में कई पोलिंग बूथ के बाहर महिलाओं की लगी लंबी लाइन दिखाई दे रही है। इस चुनाव में पुरुष के साथ-साथ महिलाएं भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रही हैं।

संजय जायसवाल ने डाला वोट, पत्नी ने की विकास को गति देने वाली सरकार चुनने की अपील

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान, बेतिया में भाजपा सांसद संजय जायसवाल परिवार संग वोट डालने पहुंचे। उन्होंने और उनके परिवार ने अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई। जायसवाल की पत्नी मंजू चौधरी ने मतदान केंद्र से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग घरों से निकलकर अपने पसंद के उम्मीदवार को वोट दें और ऐसी मजबूत सरकार चुनें, जो राज्य में विकास का रास्ता तेजी से आगे बढ़ाए।

दिल्ली धमाके के बाद बिहार पुलिस की कड़ी सुरक्षा तैयारी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद बिहार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। डीजीपी विनय कुमार ने कहा है कि दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियां पहले चरण से भी अधिक कड़ी हैं। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा और अंतरराज्यीय सीमाओं से लगे सात ज़िलों में विशेष सावधानी बरती जा रही है। सुरक्षा को लेकर पड़ोसी राज्यों के डीजीपी से बातचीत हुई है और नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना फौरन दें।

69 लाख वोटर हटाने के बाद भी मतदान वृद्धि पर पप्पू यादव का सवाल

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग पर केंद्र से बड़ा सवाल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभ्यास में 69 लाख वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। यादव ने सवाल किया कि इतनी बड़ी संख्या में नाम डिलीट होने के बावजूद पहले चरण में मतदान प्रतिशत कैसे बढ़ गया, जो संदेह पैदा करता है। उनका मानना ​​है कि जेन-जी जैसे नए वोटर बिहार में बड़े बदलाव की ओर देख रहे हैं।

भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह की पत्नी और काराकाट विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार ज्योति सिंह कहती हैं, "मैं जनता से माफी मांगती हूं क्योंकि मैं कई जगहों पर नहीं पहुंच सकी। मैं जनता से अनुरोध करती हूं कि मुझे उनकी सेवा करने का मौका देने के लिए उनका समर्थन करें। जनता ने मुझे विजयी बनाने का मन बना लिया है क्योंकि मुझे उनसे भरपूर समर्थन मिल रहा है।"

वोटिंग के लिए वोटरों में भारी उत्साह, सुबह से ही लाइनों में लगे लोग

बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण की वोटिंग के लिए पोलिंग बूथ के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे हुए हैं। 20 जिलों की 122 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है।

दिल्ली घटना के बाद सुरक्षा हाई अलर्ट पर, बूथों पर 'एंटी-सैबोटेज' जांच

सीआईएसएफ असिस्टेंट कमांडेंट ऋषिकेश वाखरे के अनुसार, दिल्ली में हुई घटना के बाद सुरक्षा को 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी को जमीन पर उतरना होगा, हर लोकेशन और पोलिंग बूथ का दौरा करना होगा। लोकतंत्र में चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए सुरक्षाकर्मी 'एंटी-सैबोटेज' चेक भी करेंगे।

4,003 अतिसंवेदनशील बूथों पर 4 बजे तक ही मतदान

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है, जिसके लिए कुल 45,339 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा कारणों से, 4,109 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें से 4,003 अतिसंवेदनशील बूथों पर मतदान केवल शाम 4 बजे तक ही किया जाएगा।

सभी बूथों पर ईवीएम पहुंची, 25 साल बाद तीन गांवों में वोटिंग का उत्साह

मतदान मंगलवार सुबह 7 बजे से शुरू होगा, जिसके लिए 45,399 बूथ बनाए गए हैं; चुनाव कर्मी EVM लेकर बूथों पर पहुंच गए हैं। गयाजी के हेरहज, पथरा और केवलडीह गांवों के मतदाता लगभग 25 साल बाद अपने गांव में वोट डालेंगे। नक्सली खतरे के कारण पहले पोलिंग बूथ 10–12 किमी दूर था, जिस कारण ग्रामीण मतदान से वंचित रह जाते थे। इस चरण में 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं।

दूसरे चरण की 122 सीटों का आरक्षण समीकरण, 101सीटें सामान्य, 19 SC और 2 ST को

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में कुल 122 विधानसभा क्षेत्रों पर मतदान होना है, जो मिथिलांचल, सीमांचल, चंपारण बेल्ट और शाहाबाद-मगध जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विस्तारित हैं। इस चरण की कुल सीटों में से, सर्वाधिक 101 सीटें सामान्य (जनरल) वर्ग के लिए रखी गई हैं। शेष सीटों में 19 सीटें अनुसूचित जाति (SC) और 2 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं।

FIR दर्ज होते ही राहुल गांधी ने खत्म किया धरना, बोले- न्याय की दिशा में पहला कदम

झारखंड में भर्ती घोटाले पर देवेंद्र महतो का बड़ा ऐलान, 24 अगस्त से ‘भर्ती सुधार यात्रा’, सरकार को दी चेतावनी

PM तारिक रहमान के भारत दौरे पर बढ़ा सस्पेंस, राष्ट्रपति भवन ने ‘चेंज ऑफ गार्ड’ रद्द करने का फैसला लिया वापस

आज की ताजा खबर 21 अगस्त LIVE: पुलिस ने मानी धरने पर बैठे राहुल गांधी की मांग, पेलेट गन केस में दर्ज हो रही FIR

पुलिस ने मानी धरने पर बैठे राहुल गांधी की मांग, पेलेट गन केस में दर्ज हो रही FIR