नवभारत ऑटोमोबाइल डेस्क : भारत मंडपम में चल रहे मोबिलिटी एक्सपो में कई महंगी और अत्याधुनिक गाड़ियां दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। इन गाड़ियों की कीमत 70 लाख से लेकर 9 करोड़ तक है, और इनमें कई खास फीचर्स दिए गए हैं।
यह गाड़ियां आने वाले वर्षों में भारत के प्राइवेट ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बदलने का दावा कर रही हैं। जहां एक ओर कम बजट वाली गाड़ियों के नए मॉडल पेश किए गए हैं, वहीं लग्जरी कारों के शौकिनों के लिए भी कई आकर्षक फीचर्स वाली गाड़ियां प्रदर्शित की गई हैं।
किया की ईवी-9 कार एक खास फीचर के साथ आई है। यह व्हीकल टू होम सिस्टम पर आधारित है, जिसका मतलब है कि अगर घर में बिजली जाती है तो इस कार से बिजली आपूर्ति की जा सकती है। यह कार 1.3 करोड़ रुपये की कीमत में उपलब्ध है।
बीएमडब्ल्यू इंडिया ने अपनी मिनी कूपर एस जेसीडब्ल्यू पैक कार पेश की है, जो अपनी स्पीड और प्रीमियम फीचर्स के लिए प्रसिद्ध है। यह कार 55.90 लाख रुपये में उपलब्ध है और इसकी डिलीवरी अप्रैल से शुरू होगी।
टोयोटा की वेलफायर कार भी काफी आकर्षक रही है। इसमें आरामदायक सीटें और ताकतवर इंजन है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.20 करोड़ रुपये से शुरू होती है।
मर्सिडीज की ई-क्लास-450 में सेल्फी कैमरा और इंटरनेट की सुविधा दी गई है, जिससे आप कार में बैठकर ऑफिस मीटिंग कर सकते हैं। इसकी कीमत 78.5 लाख से 92.5 लाख रुपये के बीच है।
मर्सिडीज मेबैक ईक्यूएस-680 भी एक्सपो में दिखी, जो तेज स्पीड, लंबी रेंज और आरामदायक फीचर्स से भरपूर है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है।
हुंडई की स्टारिया भी जल्द भारत में लॉन्च होने वाली है। यह एक आरामदायक एमपीवी है, जिसमें कई सीटिंग विकल्प और सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं। इसकी कीमत 55 से 65 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
मोबिलिटी एक्सपो में आम लोगों के प्रवेश के बाद भीड़ काफी बढ़ गई। 17 जनवरी को एक्सपो की शुरुआत हुई थी और तीसरे दिन आम लोगों के लिए प्रवेश खोला गया। लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचे, और मेट्रो स्टेशन पर भी भीड़ देखने को मिली।