Highlights:
ज्योतिष ग्रहों, राशियों और नक्षत्रों की स्थिति पर आधारित है।
अंक ज्योतिष में जन्मतिथि और नाम के अंकों से भविष्य का आकलन किया जाता है।
मूलांक, भाग्यांक और नामांक अंक ज्योतिष के प्रमुख आधार हैं।
जन्म कुंडली, ग्रहों की दशा और गोचर ज्योतिष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दोनों विद्याओं का उद्देश्य जीवन, व्यक्तित्व और भविष्य से जुड़े पहलुओं को समझना है।
Numerology And Astrology Difference: भविष्य जानने की जिज्ञासा हर इंसान में होती है। इसी जिज्ञासा को शांत करने के लिए प्राचीन काल से ही ज्योतिष और अंक ज्योतिष जैसी विद्याओं का सहारा लिया गया है। दोनों ही विधाओं में व्यक्ति के स्वभाव, व्यक्तित्व, जीवन की परिस्थितियों और भविष्य से जुड़े पहलुओं का आकलन किया जाता है, लेकिन इनके सिद्धांत और गणना करने का तरीका अलग-अलग है। जहां एक तरफ ज्योतिष में ग्रहों, नक्षत्रों और राशियों की स्थिति को आधार बनाया जाता है, तो वहीं दूसरी तरफ अंक ज्योतिष में जन्मतिथि और नाम से जुड़े अंकों के माध्यम से जीवन का विश्लेषण किया जाता है।
ज्योतिष और अंक ज्योतिष दोनों ही प्राचीन परंपराओं से जुड़ी विद्याएं हैं। ज्योतिष में आकाशीय पिंडों की स्थिति और उनकी चाल के आधार पर व्यक्ति के जीवन से जुड़ी अलग-अलग परिस्थितियों का आकलन किया जाता है और अंक ज्योतिष में अंकों के विशेष अर्थ, प्रतीक और उनके प्रभावों को ध्यान में रखकर व्यक्ति के स्वभाव तथा जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने की कोशिश की जाती है।
इन दोनों विधाओं का इस्तेमाल सदियों से लोग आत्मविश्लेषण, भविष्य के प्रति जिज्ञासा और जीवन में मार्गदर्शन पाने के लिए करते आए हैं।
अंक ज्योतिष यानी न्यूमेरोलॉजी में 1 से 9 तक के अंकों को विशेष महत्व दिया जाता है। मान्यता है कि प्रत्येक अंक एक विशेष ऊर्जा, गुण और स्वभाव का प्रतिनिधित्व करता है। व्यक्ति की जन्मतिथि और नाम के अक्षरों से प्राप्त अंकों के आधार पर उसके व्यक्तित्व, सोच, व्यवहार और जीवन की संभावनाओं का विश्लेषण किया जाता है।
अंक ज्योतिष में मुख्य रूप से मूलांक, भाग्यांक और नामांक महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
मूलांक: जन्म की तारीख के अंकों से निकाला जाता है। उदाहरण के लिए, 15 तारीख को जन्मे व्यक्ति का मूलांक 1+5=6 होगा।
भाग्यांक: पूरी जन्मतिथि यानी दिन, महीने और वर्ष के अंकों को जोड़कर निकाला जाता है।
नामांक: नाम के अक्षरों को निर्धारित संख्याओं में बदलकर उनका योग किया जाता है।
अंक ज्योतिष में इन अंकों के आधार पर व्यक्ति के स्वभाव, संभावनाओं, अनुकूलता और जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अनुमान लगाया सकता है।
दोनों विधाएं भविष्य और जीवन से जुड़े पहलुओं को समझने का प्रयास करती हैं, लेकिन इनके आधार और गणना की प्रक्रिया अलग होती है।
मुख्य आधार: अंक ज्योतिष जन्मतिथि और नाम के अंकों पर आधारित है, जबकि ज्योतिष ग्रहों, राशियों और नक्षत्रों पर आधारित होता है।
प्रमुख गणना: अंक ज्योतिष में मूलांक, भाग्यांक और नामांक का महत्व है, वहीं ज्योतिष में जन्म कुंडली, ग्रहों की दशा और गोचर का अध्ययन किया जाता है।
जरूरी जानकारी: अंक ज्योतिष में जन्मतिथि और नाम महत्वपूर्ण होते हैं, जबकि ज्योतिष में जन्मतिथि, जन्म समय और जन्म स्थान की आवश्यकता होती है।
कार्यप्रणाली: अंक ज्योतिष में अंकों के प्रतीकात्मक अर्थों के आधार पर विश्लेषण किया जाता है, जबकि ज्योतिष में ग्रहों की स्थिति और खगोलीय गणनाओं को आधार बनाया जाता है।
प्रमुख उपयोग: अंक ज्योतिष में व्यक्तित्व, अनुकूल अंक और नाम से जुड़े पहलुओं का आकलन किया जाता है। ज्योतिष में करियर, विवाह, मुहूर्त और जीवन की परिस्थितियों का विश्लेषण किया जाता है।
जटिलता: अंक ज्योतिष को अपेक्षाकृत सरल गणना वाली विधि माना जाता है, जबकि ज्योतिष में ग्रहों की स्थिति, भाव, दशाएं और गोचर का विस्तृत अध्ययन किया जाता है।
ज्योतिष शास्त्र में व्यक्ति के जन्म के समय ग्रहों की स्थिति को महत्वपूर्ण माना गया है। जन्म की तारीख, समय और स्थान के आधार पर कुंडली तैयार की जाती है, जिसमें ग्रहों, राशियों, भावों और नक्षत्रों की स्थिति का अध्ययन किया जाता है।
ज्योतिष के माध्यम से विवाह, करियर, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक जीवन, स्वास्थ्य और सामाजिक संबंधों का आकलन किया जाता है। इसके अलावा ग्रहों की दशा, गोचर और विभिन्न योगों के आधार पर शुभ-अशुभ समय की जानकारी ली जाती है।
ज्योतिष में नौ ग्रहों यानी सूर्य, चंद्रमा, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि, राहु और केतु को विशेष स्थान है। इनकी स्थिति और चाल के आधार पर जीवन की विभिन्न परिस्थितियों को समझने की कोशिश की जाती है।