भिवंडी. लाक डाउन में शिकारी दल की टीम द्वारा भिवंडी में जंगली जानवरों व पक्षियों के शिकार करने की सूचना भिवंडी वन विभाग के अधिकारियों को प्राप्त हुई थी. शिकारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करने के लिए वन विभाग अधिकारियों ने वन की नाकाबंदी कर 2 शिकारियों को गिरफ्तार कर उनसे जंगली जानवर जब्त कर लिया है. 15 शिकारी बंदूक सहित फरार होने में कामयाब हो गये हैं, जिनकी तलाश वन विभाग अधिकारियों द्वारा की जा रही है.
घटना के अनुसार, पडघा वन क्षेत्र के अधिकारियों ने वन में शिकार कर रहे शरद गजानन भोईर (28) निवासी माशोडीपाडा भिवंडी, बालू जयराम गवारी (25) निवासी चिंचवली (कुंदे) को वन जीव अधिनियम के तरह मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है, वहीं पर इनके साथ लगभग 15 लोग फरार हो गये हैं, जिसमें कुछ बंदूकधारी भी शामिल है. दोनों आरोपियों के पास से शिकार किया हुआ जंगली सुअर भी बरामद कर लिया गया है, जिसका वैद्यकीय परीक्षण के बाद 12 बोर की कारतूस भी जंगली सुअर के मृत शरीर से प्राप्त हुआ है. गिरफ्तार आरोपियों को भिवंडी न्यायालय में पेश किया गया जहाँ पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 25 अप्रेल तक कस्टडी में रखने का आदेश सुनाया है.
घटना की जांच उप वनसंरक्षक ठाणे डा. रामगावकर के मार्गदर्शन में सहायक वन संरक्षक बी.टी. कोलेकर व वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय धारवणे कर रहे है.पडघा वनपरिक्षेत्र के वनपाल अशोक काटेसकर,आर एन गोरले,जे जी भोईर,वनरक्षक अजय राठोड,अमित कुलकर्णी,शरद म्हाडा ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई है.
गौरतलब है कि भिवंडी तालुका के सागाव- देवचोले गांव में शासकीय वन क्षेत्र है. शासकीय वन क्षेत्र में अनेक जंगली जानवर व पक्षियां विचरण करते हैं. शासन ने जंगल में शिकार करना प्रतिबंधित किया है. शासन के आदेश की अवहेलना कर कई शिकारी गिरोह आदिवासियों की सहायता से चोरी चुपके इनका शिकार करते हैं. शिकारी गिरोह द्वारा जानवरों का शिकार करने हेतु बंदूक व जाल का भी इस्तेमाल किया जाता है.