नयी दिल्ली, कांग्रेस (Congress) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली (Arvinder Singh Lovely) को अपनी राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लवली को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया।
लवली ने चौधरी अनिल कुमार का स्थान लिया है। अनिल कुमार ने मार्च 2020 में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। देखा जाए तो अरविंदर सिंह लवली इससे पहले भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं और वह कई बार विधायक भी रहे हैं।
इसके पहले बीच में कुछ वक्त के लिए वह BJP के साथ भी चले गए थे, लेकिन बाद में घर वापसी करते हुए वह अपनी पुरानी पार्टी में आ गए थे। एक बार फिर 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेतृत्व ने उनपर भरोसा जताया है।
वहीं साल 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान प्रत्याक्षी रहे अरविंदर लवली ने पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे। चुनावी मैदान में उस वक्त उनके सामने पूर्व क्रिकेटर और बीजेपी नेता गौतम गंभीर खड़े थे जिन्होंने सिंह को 3 लाख 50 हजार से भी अधिक वोटों से हरा दिया था।
इसके साथ ही वे शीला दीक्षित की सरकार में बतौर मंत्री कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालने वाले लवली इससे पहले दिसंबर 2013 से फरवरी 2015 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।