मोदी ने मलेशिया में तमिल गानों का क्यों किया जिक्र...अनवर इब्राहिम का क्यों लिया नाम?

PM Modi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल मलेशिया के दौरे पर हैं। पीएम ने दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने तमिल गानों का विशेष रूप से जिक्र किया।
Why did Modi mention Tamil songs in Malaysia...why did he take the name of Anwar Ibrahim?
मलेशिया में पीएम मोदी।
Updated on

PM Modi Malaysia Speech : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी दो दिवसीय मलेशिया यात्रा के दौरान शनिवार को कुआलालंपुर में भारतीय प्रवासियों (इंडियन डायस्पोरा) के बीच एक भावुक और ऊर्जावान संबोधन दिया। लगभग दस साल बाद मलेशिया पहुंचे पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और भावनात्मक सेतु का जिक्र करते हुए भारतीय समुदाय की जमकर सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में ट्रस्ट (भरोसा) भारत की सबसे मजबूत मुद्रा बन गई है। उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ हुए हालिया समझौतों का उदाहरण देते हुए कहा कि आज भारत को सिर्फ एक बड़े बाजार के रूप में नहीं, बल्कि विकास के एक भरोसेमंद और मजबूत साझेदार के रूप में देखा जा रहा है।

तमिल संस्कृति और साहित्य का वैश्विक गुणगान

मलेशिया में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी भारतीय मूल की आबादी बसती है, जिसमें तमिल समुदाय की प्रधानता है। पीएम मोदी ने तमिल भाषा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तमिल सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि भारत का दुनिया से जुड़ाव है। तमिल साहित्य अमर है और इसकी संस्कृति पूरी तरह वैश्विक है। उल्लेखनीय है कि मलेशिया में तमिल को अल्पसंख्यक भाषा का दर्जा प्राप्त है, जिसकी पीएम ने सराहना की।

दोस्ती की एक नई मिसाल

पीएम मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी पुरानी और प्रगाढ़ दोस्ती के किस्से भी साझा किए। उन्होंने बताया कि अनवर इब्राहिम ने प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया और स्वयं अपनी कार में बिठाकर कार्यक्रम स्थल तक लाए। पीएम ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे भारत और यहां रह रहे भारतीय समुदाय के प्रति उनका प्रेम है। पीएम मोदी ने अनवर इब्राहिम के संगीत प्रेम का जिक्र करते हुए बताया कि वे न केवल पुराने हिंदी गानों के शौकीन हैं, बल्कि एमजीआर (MGR) के तमिल गीतों को भी बेहद पसंद करते हैं।

बदलते रिश्तों का नया अध्याय

2015 के बाद यह पीएम मोदी का पहला मलेशिया दौरा है। 2019-20 के दौरान रिश्तों में आए खिंचाव के बाद अब दोनों देश फिर से करीब आए हैं। अगस्त 2024 में अनवर इब्राहिम की भारत यात्रा के दौरान हुए 9 समझौतों ने इस दोस्ती को नई दिशा दी है। इस यात्रा के दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने आने वाले त्योहारों-शिवरात्रि, रमजान और हारी राया की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

Navbharat Live
navbharatlive.com