

Catherine West Keir Starmer Leadership Crisis: ब्रिटेन की सत्ताधारी लेबर पार्टी के भीतर एक बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के नेतृत्व को लेकर पार्टी के भीतर ही सवाल उठने लगे हैं। हॉर्न्सी और फ्रीयर्न बार्नेट की सांसद कैथरीन वेस्ट ने प्रधानमंत्री स्टार्मर के खिलाफ औपचारिक चुनौती देने की धमकी दी है। इस कदम ने ब्रिटिश राजनीति में हलचल मचा दी है क्योंकि यह सीधे तौर पर 10 डाउनिंग स्ट्रीट की स्थिरता को प्रभावित कर सकता है।
हालिया स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कैथरीन वेस्ट ने प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वेस्ट ने इन नतीजों को 'विनाशकारी' बताते हुए कहा है कि देश को अब एक ऐसे नए नेतृत्व की जरूरत है जो जनता की वास्तविक समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सके।
हालांकि वेस्ट ने यह भी कहा है कि वह खुद प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं होना चाहतीं लेकिन वह चाहती हैं कि कैबिनेट का कोई अन्य सदस्य सामने आए और स्टार्मर को चुनौती दे।
कैथरीन वेस्ट ने अपनी पार्टी को अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि कैबिनेट मंत्री आज ही नया नेता चुनने की प्रक्रिया शुरू करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि सोमवार तक कैबिनेट से कोई उम्मीदवार कीर स्टार्मर को चुनौती देने के लिए सामने नहीं आता, तो वे खुद इस मुहिम को आगे बढ़ाएंगी। इस औपचारिक चुनौती को शुरू करने के लिए उन्हें कम से कम 81 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी, जिसके लिए उन्होंने अब सांसदों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
कैथरीन वेस्ट का जन्म ऑस्ट्रेलिया के मैन्सफील्ड में हुआ था और वे 1998 में लंदन जाकर बस गईं। राजनीति में कदम रखने से पहले उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में बाल यौन शोषण के शिकार बच्चों की मदद की थी। उनकी एक बड़ी खासियत उनकी भाषाई पकड़ है; वे पांच भाषाएं बोल सकती हैं, जिनमें मैंडरिन (चीनी भाषा) भी शामिल है। जिसे उन्होंने चीन के नानजिंग में अंग्रेजी पढ़ाते समय सीखा था।
कैथरीन वेस्ट का राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने साल 2000 में वर्तमान उप-प्रधानमंत्री डेविड लेममी के लिए एक संसदीय कार्यकर्ता के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे 12 वर्षों तक इस्लिंगटन काउंसिल की सदस्य रहीं और 2010 से 2013 तक इसकी नेता भी रहीं।
2015 में पहली बार सांसद बनने के बाद उन्हें जेरेमी कॉर्बिन की टीम में छाया विदेश मंत्री बनाया गया लेकिन 2017 में ब्रेक्सिट मुद्दे पर पार्टी लाइन के खिलाफ वोट करने के कारण उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था।
स्टार्मर के नेतृत्व में कैथरीन वेस्ट ने 2020 में फिर से छाया विदेश मंत्री के रूप में वापसी की और 2024 में उन्हें भारत-प्रशांत क्षेत्र का कनिष्ठ मंत्री बनाया गया। हालांकि, सितंबर 2025 में एंजेला रेनर के इस्तीफे के बाद हुए कैबिनेट फेरबदल में उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। अब सरकार से बाहर होने के कुछ ही समय बाद, वे प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के नेतृत्व के लिए सबसे बड़ी चुनौती और खतरे के रूप में सामने आई हैं।