इटली में सोनिया गांधी का घर किसने खरीदा? राहुल-प्रियंका से मांगी ये खास चीजें

Sonia Gandhi Ancestral House: इटली में सोनिया गांधी के पुश्तैनी घर को किसने खरीदा? इस मकान को म्यूजियम बनाने की क्या है योजना और क्यों खास है यह प्रॉपर्टी? जानिए इससे जुड़ी पूरी कहानी।
Who Bought Sonia Gandhi Ancestral House in Italy.jpg
इटली में मैनो परिवार का घर।सोर्स: गूगल इंटरनेट
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पंजाब मूल के कारोबारी सुखदेव सिंह कांग ने 2020 में इटली में सोनिया का पुश्तैनी घर खरीदा।

  • इटली के लुसियाना कस्बे में स्थित छह कमरों वाले मकान को म्यूजियम बनाया जाएगा।

  • कांग ने सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका से निजी सामान और यादगार वस्तुएं मांगी हैं।

Who Bought Sonia Gandhi Ancestral House: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ इन दिनों चर्चा में है। इस बीच इटली के एक छोटे से कस्बे में स्थित उनके पुश्तैनी घर को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। दरअसल, पंजाब मूल के कारोबारी सुखदेव सिंह कांग ने सोनिया गांधी के परिवार का यह पुराना घर खरीदा है। अब उनकी योजना इसे म्यूजियम में बदलने की है, ताकि लोग सोनिया गांधी के परिवार और उनके शुरुआती जीवन से जुड़ी यादों को करीब से देख सकें।

छह साल पहले खरीदा था सोनिया गांधी का पुश्तैनी घर

सुखदेव सिंह कांग ने करीब छह साल पहले इटली के वेनेटो क्षेत्र के लुसियाना कस्बे में स्थित इस मकान को खरीदा था। यह छह कमरों वाला घर सोनिया गांधी के मायके यानी मैनो परिवार का पुश्तैनी मकान है। घर के मुख्य दरवाजे पर तिरंगे के रंगों में एक बोर्ड लगा है। इस पर लिखा है- 'इंडिया हाउस, जन्मस्थान, 9 दिसंबर 1946, सोनिया गांधी।'

कांग ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस (TNIE) को बताया कि उन्होंने यह मकान गांव में रहने वाले एक परिवार से खरीदा था। यह परिवार अमेरिका जा रहा था। उससे पहले उसने यह संपत्ति सोनिया गांधी के परिवार से खरीदी थी। उस परिवार की इच्छा थी कि इस मकान को कोई भारतीय ही खरीदे, क्योंकि इसका संबंध सोनिया गांधी से था।

Who Bought Sonia Gandhi Ancestral House in Italy.jpg
Explainer: बोतल का पानी कितना खतरनाक है? इसे पीने से कैंसर कैसे हो सकता है

कांग ने बताया कि वह पहले सिर्फ सोनिया गांधी का घर देखने के लिए वहां गए थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि मकान बिकाऊ है। इसके बाद उन्होंने इसे खरीदने का फैसला किया। यह संपत्ति उन्होंने अपनी पत्नी और बेटी के नाम पर खरीदी है।

घर को म्यूजियम में क्यों बदलना चाहते हैं कांग?

कांग का कहना है कि वह इस मकान को किराये पर देने के बजाय म्यूजियम बनाना चाहते हैं। इसके लिए जरूरी अनुमतियां भी मिल चुकी हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक प्रॉपर्टी नहीं, बल्कि भारत की प्रमुख राजनीतिक हस्तियों में शामिल सोनिया गांधी के निजी इतिहास से जुड़ी जगह है।

उन्होंने बताया कि मकान में पुराना फर्नीचर और मैनो परिवार की कुछ ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें आज भी मौजूद हैं। घर खरीदने के बाद उन्होंने इसकी मूल बनावट में कोई बदलाव नहीं किया है। सिर्फ जरूरी मरम्मत कराई गई है। इटली के कानून के मुताबिक, मकान के बाहरी हिस्से में भी बदलाव नहीं किया जा सकता।

कांग ने सोनिया गांधी और उनके बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से अपील की है कि वे घर में प्रदर्शित करने के लिए परिवार से जुड़ी कुछ निजी वस्तुएं और यादगार चीजें दें।

Who Bought Sonia Gandhi Ancestral House in Italy.jpg
पहले मुसलमानों का कलमा पढ़ते थे, अब कृष्ण राम सीता को पढ़ेंगे, पाकिस्तान में हिंदू धर्म कैसे पढ़ाया जाता है?

सोनिया गांधी के परिवार से जुड़ी हैं कई यादें

कांग के मुताबिक, सोनिया गांधी के पिता स्टेफानो मैनो राजमिस्त्री और बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर थे। सोनिया शादी के बाद इस गांव में केवल दो बार आई थीं। गांव के स्थानीय लोग भी उनसे मिलने के इच्छुक हैं।

सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इटली में हुआ था। युवावस्था में कैंब्रिज में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। इसके बाद दोनों की प्रेम कहानी आगे बढ़ी और शादी के बाद सोनिया भारत आ गईं।

घर देखने पहुंच रहे भारतीय पर्यटक

सोनिया गांधी से जुड़ा होने के कारण यह मकान अब भारतीय पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। कांग के मुताबिक, गांव के लोग भी भारतीय पर्यटकों को इस घर के बारे में बताते हैं। पर्यटकों की आवाजाही से आसपास के रेस्तरां और होटल कारोबार को भी फायदा हो रहा है।

कांग ने बताया कि हर साल सोनिया गांधी के जन्मदिन पर परिवार की ओर से यहां एक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। घर की देखभाल के लिए उन्होंने एक इतालवी महिला को नियुक्त किया है, जो सप्ताह में दो बार सफाई करने आती है। इसके लिए उसे हर महीने 100 यूरो दिए जाते हैं। वहीं, मकान का सालाना प्रॉपर्टी टैक्स करीब 1,000 यूरो है।

कांग के मुताबिक, कुछ लोगों ने इस मकान को गुरुद्वारे में बदलने का सुझाव भी दिया था, लेकिन परिवार इसकी मूल पहचान बनाए रखना चाहता है। उनका उद्देश्य है कि इस घर के जरिए पर्यटक सोनिया गांधी के परिवार और उनके शुरुआती जीवन से जुड़ी यादों को जान सकें।

Who Bought Sonia Gandhi Ancestral House in Italy.jpg
UAE में भारतीय समेत 13 लोगों की मौत, 14 लोग घायल; ट्रक ने बस को मारी टक्कर