व्हाइट हाउस के पास फिर चली गोलियां, हमलावर ने 25 राउंड की फायरिंग, घटना के वक्त अंदर थे डोनाल्ड ट्रंप

White House Shooting: वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस परिसर के पास हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। घटना के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अंदर मौजूद थे, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
Firing Near White House
व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Firing Near White House: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस परिसर के पास एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। गोलीबारी की घटना उस समय हुई जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस परिसर में अंदर मौजूद थे। इस घटना ने ट्रंप की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, गोलीबारी की सूचना मिलते ही अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और एफबीआई ने तुरंत इलाके को घेरकर सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया। एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में दो संदिग्धों को गोली लगी है।

व्हाइट हाउस में मौजूद थे कई पत्रकार

रॉयटर्स की रिपोर्ट्स के अनुसार शनिवार को व्हाइट हाउस परिसर के आसपास मौजूद पत्रकारों ने कई गोलियों की आवाजें सुनीं। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत सभी पत्रकारों को प्रेस ब्रीफिंग रूम में जाने का निर्देश दिया। कुछ देर बाद सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से उन्हें बाहर निकलने से भी रोक दिया। इससे इलाके में तनाव और सतर्कता का माहौल बन गया।

सीक्रेट सर्विस ने बयान जारी करते हुए बताया कि, गोलीबारी की घटना व्हाइट हाउस से लगभग एक ब्लॉक दूर 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू के पास हुई। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों से जानकारी जुटाई जा रही है और घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। काश पटेल ने यह भी बताया कि कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को गोली लगी है, हालांकि उनकी स्थिति के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सुरक्षित बताए गए हैं और उन्हें किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं, वॉशिंगटन मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने फिलहाल मामले पर विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही मामले को लेकर बयान जारी कर सकती है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की निगरानी कर रही हैं और आसपास की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com