'एक-दूसरे से नफरत करते हैं पुतिन-जेलेंस्की', रूस-यूक्रेन समझौते पर ट्रंप का नया दावा, बोले- जल्द होगा समझौता

Russia-Ukraine War: ट्रंप ने कहा कि पुतिन और जेलेंस्की की आपसी नफरत से शांति मुश्किल है, हालांकि समझौते की उम्मीद जताई, लेकिन जमीन पर रूस-यूक्रेन संघर्ष जारी है।
Donald Trump on Russia Ukraine War
रूस-यूक्रेन समझौते पर ट्रंप का नया दावा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Donald Trump on Russia Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच गहरी दुश्मनी के कारण शांति प्रयासों में कठिनाई आ रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हुई है। ट्रंप ने यह बात व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही

ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “जेलेंस्की और पुतिन एक-दूसरे से बेहद नफरत करते हैं, जिससे हालात जटिल हो जाते हैं। फिर भी मुझे लगता है कि हम किसी समझौते के काफी करीब हैं और इसे सुलझाने का अच्छा मौका है।” अमेरिकी राष्ट्रपति पिछले कई महीनों से दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करवाने की कोशिश कर रहे हैं।

‘मैंने खुद राष्ट्रपति पुतिन से अनुरोध किया’

इससे एक दिन पहले, गुरुवार को कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने बताया था, “मैंने खुद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अनुरोध किया कि वे एक हफ्ते तक कीव और अन्य शहरों पर हमले न करें, और उन्होंने इसके लिए सहमति दी। यह एक बहुत अच्छी बात थी। कई लोगों ने कहा था कि फोन मत कीजिए, वे नहीं मानेंगे, लेकिन उन्होंने मेरी बात मानी।” ट्रंप ने इस अनुरोध के पीछे क्षेत्र में पड़ रही भीषण ठंड का हवाला दिया। उन्होंने कहा, “यह सामान्य ठंड नहीं है, बल्कि असाधारण और रिकॉर्ड तोड़ सर्दी है। यह मौसम वहां लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।”

बयानों के बावजूद जारी संघर्ष

वॉशिंगटन की ठंड से तुलना करते हुए ट्रंप ने कहा, “कड़ाके की सर्दी को देखते हुए मैंने राष्ट्रपति पुतिन से एक हफ्ते तक कीव और दूसरे शहरों पर गोलीबारी रोकने की अपील की थी, और उन्होंने इसे स्वीकार किया। बातचीत काफी अच्छी रही।”

हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप के इन दावों के बावजूद रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई थमी नहीं है। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, दक्षिणी जापोरिझिया क्षेत्र में रातभर हुए रूसी ड्रोन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि रूस एक और बड़े हमले की तैयारी कर सकता है, जिससे साफ है कि ट्रंप और पुतिन की बातचीत का असर जमीनी हालात पर फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा।