

US India Map With PoK: पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका से संपर्क करके भारत के उस मैप को हटवाया, जिसमें PoK को भारतीय क्षेत्र के रूप में दिखाया गया था। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार (12 फरवरी) को एक बयान में कहा कि उन्होंने मैप के संबंध में अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत की, जिसके बाद इसे संशोधित किया गया।
दरअसल, हाल ही में यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ऑफिस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भारत का एक मैप साझा किया था। इसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) सहित पूरे जम्मू-कश्मीर और अक्साई चिन को भारत के हिस्से के रूप में दिखाया गया था। हालांकि, बाद में USTR ऑफिस ने यह मैप हटा दिया। USTR ने यह पोस्ट भारत के साथ ट्रेड डील होने की जानकारी और दोनों देशों के मजबूत होते व्यापारिक रिश्तों को दर्शाने को लिए किया था।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि यह मैप कुछ हैंडल पर पोस्ट किया गया था। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया और जब उन्हें स्थिति का पता चला कि यह मैप गैर-कानूनी था, तो इसे संशोधित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि अमेरिका ने अपने आधिकारिक मैप में पाकिस्तान के इलाके को संयुक्त राष्ट्र द्वारा स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप हाइलाइट किया, जिसमें स्पष्ट रूप से दिखाया गया कि जम्मू-कश्मीर एक विवादित क्षेत्र है, जिसका समाधान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुसार जनमत संग्रह के माध्यम से किया जाना है।
वहीं, पाकिस्तानी अखबार डॉन ने डिप्लोमेटिक सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास और वॉशिंगटन में विदेश विभाग के अधिकारियों के सामने मैप पर आपत्ति जताई थी। पाकिस्तानी अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि जम्मू-कश्मीर एक विवादित क्षेत्र है।
भारत कई बार स्पष्ट कर चुका है कि उसे अपने क्षेत्रीय दावों के लिए किसी बाहरी देश की मान्यता की आवश्यकता नहीं है, लेकिन अमेरिका के आधिकारिक हैंडल से इस तरह का मैप साझा करना रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। अमेरिकी अधिकारियों ने इस मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं दी है।