

US Munitions Shortage Controversy: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ मतभेद और हथियारों की कमी को लेकर कैंप डेविड की तीखी बहस की खबरों को गलत बताया। ट्रंप ने मीडिया रिपोर्ट को बेबुनियाद अफवाह करार देते हुए कहा कि वह हेगसेथ द्वारा सेना में किए जा रहे सुधारों से बेहद खुश हैं।
दरअसल कुछ अमेरिकी मीडिया आउटलेट्स ने दावा किया था कि मिडिल ईस्ट में सैन्य अभियानों और ईरान युद्ध के बाद देश के मिसाइल भंडार में भारी गिरावट आई है। इन खबरों के बाद व्हाइट हाउस और पेंटागन दोनों ने तीखी बहस की खबरों को खारिज कर दिया और कहा कि दोनों नेताओं में कोई विवाद नहीं है।
अखबारों का दावा था कि ट्रंप ने लंबी दूरी की सटीक मार करने वाली मिसाइलों और एयर डिफेंस इंटरसेप्टर की घटती आपूर्ति पर जवाब मांगा था। ईरान के साथ संघर्ष के दौरान इन हथियारों की भारी कमी ने अमेरिकी सैन्य योजना को बहुत सीमित कर दिया था। इस कमी ने ही ईरान पर हमले न करने के फैसले को प्रभावित किया था।
रिपोर्टों में दावा किया गया कि जब ट्रंप ने इस कमी पर स्पष्ट जवाब मांगा, तो रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इस मुद्दे पर टाल-मटोल करने की कोशिश की थी। हेगसेथ ने इस विफलता का पूरा ठीकरा उप रक्षा सचिव स्टीफन फीनबर्ग पर फोड़ दिया था। हालांकि, पेंटागन ने इन दावों को पूरी तरह काल्पनिक बताया है।
विवाद बढ़ने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट लिखकर देश की जनता को पूरी तरह आश्वस्त किया। ट्रंप ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि अमेरिका के पास हथियारों का बहुत बड़ा भंडार है और खासकर कुछ विशेष प्रकार के घातक हथियारों की कोई कमी नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट्स में थॉड (THAAD) मिसाइल डिफेंस सिस्टम के बारे में दावा किया गया था कि अमेरिकी सेना ने अपने 80 प्रतिशत इंटरसेप्टर का इस्तेमाल कर लिया है। वरिष्ठ कमांडरों ने पेंटागन को चेताया था कि मिडिल ईस्ट में भारी सैन्य अभियानों के कारण कुछ गोला-बारूद खतरनाक रूप से कम स्तर पर गिर गया है।
व्हाइट हाउस और पेंटागन ने भी विवाद की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि हेगसेथ ने हथियारों की स्थिति के बारे में किसी को गुमराह नहीं किया है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि पीट हेगसेथ का सेना में बहुत सम्मान है और उन्होंने रक्षा विभाग में जबरदस्त और अकल्पनीय सुधार किए हैं।