वेनेजुएला की तरह ईरान के तेल पर भी करेंगे कब्जा...ट्रंप ने दी आज रात बड़े हमले की धमकी, टेंशन में दुनिया!

US Iran Conflict: शांति की कोशिशों के बीच अमेरिका और ईरान में संघर्ष चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी हवाई हमलों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह तबाह करने की चेतावनी दी है।
trump on iran war
ट्रंप ने दी धमकी (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Donald Trump on US Iran Conflict: शांति की उम्मीदों के बीच अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर संघर्ष तेज हो गया है। अमेरिका ने दोबारा ईरान पर हमला किया है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ईरान के लिए आज की रात भारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि ईरान को आज रात बेहद गंभीर नुकसान उठाना पड़ेगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, "अमेरिका आज रात ईरान पर जबरदस्त हमला करेगा।" उन्होंने दावा किया कि ईरान की नेवी, एयरफोर्स, रडार, एंटी-एयरक्राफ्ट और अन्य रक्षा प्रणालियां पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं।

अपनी पोस्ट में ट्रंप ने आगे की रणनीति का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "जल्द ही किसी समय हम खार्ग आइलैंड और तेल से जुड़े अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर कब्जा कर लेंगे और तेल तथा गैस बाजार पर पूरी तरह नियंत्रण कर लेंगे, ठीक वैसे ही जैसे हमने वेनेजुएला के साथ किया था।"

अमेरिका-ईरान के बीच फिर बढ़ा तनाव

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था, जिसके बाद से पूरे मध्य पूर्व में तनाव बना हुआ है। हालांकि कुछ दिन पहले तक अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की संभावना दिखाई दे रही थी। ट्रंप भी कई बार दावा कर चुके थे कि ईरान के साथ बातचीत लगभग अंतिम चरण में पहुंच गई है।

लेकिन पिछले कुछ दिनों में दोनों देशों के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। गुरुवार सुबह अमेरिका ने ईरान पर नए सिरे से हवाई हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन को निशाना बनाकर हमले किए।

trump on iran
ट्रंप का ट्रुथ सोशल पर पोस्ट

ईरान के कई शहरों में हुए इन नए हमलों के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत की कोशिशें एक बार फिर ठप पड़ती नजर आईं। ईरान ने जोर देकर कहा कि वह होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी पकड़ बनाए रखेगा। इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है और तेल की कीमतों में उछाल आया है।

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट बंद किया

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई भी की है। इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (IRNA) की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने दावा किया है कि उसने हालिया हमले के जवाब में अमेरिकी F-35, F-15 और F-16 लड़ाकू विमानों की तैनाती वाले ठिकानों को निशाना बनाया। दावा किया गया है कि इसके लिए 12 बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया।

IRNA के मुताबिक, ईरान के खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने कहा है कि क्षेत्र में असुरक्षा की स्थिति को देखते हुए होर्मुज स्ट्रेट को तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों सहित सभी प्रकार के जहाजों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि किसी भी तरह की समुद्री गतिविधि को निशाना बनाया जाएगा। कमांड ने अमेरिका के उस दावे को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि जहाज अब भी जलमार्ग से गुजर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com