US राष्ट्रपति चुनाव : रिपब्लिकन बहुमत के पार, डोनाल्ड ट्रंप होंगे 47वें राष्ट्रपति, बोले - अमेरिका का स्वर्णिम युग शुरू

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को देश के इतिहास में सबसे बड़ी राजनीतिक वापसी दर्ज करते हुए व्हाइट हाउस की दौड़ जीत चुके हैं। उन्होंने चुनाव में अपनी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को हरा दिया है।
रिपब्लिकन बहुमत के पार, डोनाल्ड ट्रंप होंगे 47वें राष्ट्रपति
डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस
Published on
Updated on

वाशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को देश के इतिहास में सबसे बड़ी राजनीतिक वापसी दर्ज करते हुए व्हाइट हाउस की दौड़ जीत चुके हैं। उन्होंने चुनाव में अपनी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को हरा दिया है। अमेरिका 47वें राष्ट्रपति बनने जा रहे रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप आज 6 नवंबर 2024 को अपने समर्थकों को संबोधित करेंगे। वहीं, कमला हैरिस अपने समर्थकों को कल संबोधित करेंगी।

वहीं अमेरिकी चुनाव में जीत के बाद यहां के 47वें राष्ट्रपति बनने जा रहे डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, अमेरिकावासियों का धन्यवाद। आज से पहले ऐसा नजारा नहीं देखा। हम अपने बॉर्डर को फिर मजबूत करेंगे। देश की सभी समस्याएं दूर करेंगे।

ट्रंप ने फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में अपने संबोधन में कहा, "यह एक ऐसी राजनीतिक जीत है जो हमारे देश ने पहले कभी नहीं देखी ऐसा कुछ भी नहीं। मैं अमेरिकी लोगों को आपके 47वें राष्ट्रपति और आपके 45वें राष्ट्रपति चुने जाने के असाधारण सम्मान के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। हर नागरिक मैं आपके लिए, आपके परिवार के लिए और आपके भविष्य के लिए लड़ूंगा। हर एक दिन मैं अपने शरीर की हर सांस के साथ आपके लिए लड़ूंगा। मैं तब तक चैन से नहीं बैठूंगा जब तक हम वह मज़बूत, सुरक्षित और समृद्ध अमेरिका नहीं दे देते जिसके हमारे बच्चे और आप हकदार हैं। यह वास्तव में अमेरिका का स्वर्णिम युग होगा।"

उन्होंने अमेरिकियों से कहा कि यह पल अमेरिका को बेहतर बनाने में मदद देगा। मतगणना के ताजा आंकड़ों के अनुसार, ट्रंप 270 निर्वाचक मंडल वोट जीतने के करीब हैं, जिससे उनकी जीत तय हो जाएगी। 78 वर्षीय रिपब्लिकन नेता पेंसिल्वेनिया, जॉर्जिया और उत्तरी कैरोलाइना जैसे तीन महत्वपूर्ण ‘स्विंग राज्यों' में जीत हासिल कर रहे हैं। एसोसिएटेड प्रेस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप ने 267 निर्वाचक मंडल वोट जबकि हैरिस ने 214 निर्वाचक मंडल वोट हासिल कर लिए हैं।

270 या उससे अधिक निर्वाचक मंडल वोट जीतने वाला उम्मीदवार राष्ट्रपति चुना जाता है। अन्य महत्वपूर्ण राज्यों एरिजोना, मिशिगन, विस्कॉन्सिन और नेवादा में मतों की गिनती अभी भी जारी है।

व्हाइट हाउस की दौड़ में कौन जीतेगा यह इन सात ‘स्विंग राज्यों' के नतीजों पर निर्भर करता है, जिनमें एरिजोना, जॉर्जिया, मिशिगन, नेवादा, उत्तरी कैरोलाइना, पेन्सिल्वेनिया और विस्कॉन्सिन शामिल हैं। कमला हैरिस ने डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया, वर्जीनिया, कोलोराडो और मिनेसोटा से चुनाव जीत लिया है जबकि डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तरी कैरोलाइना, आयोवा, मोंटाना, मिसौरी और उताह से जीत हासिल की है।

कमला हैरिस ने मेन में फर्स्ट कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में जीत दर्ज की और एक निर्वाचक मंडल वोट हासिल किया। उन्होंने कैलिफोर्निया, ओरेगॉन और वाशिंगटन में भी जीत हासिल की है। डेमोक्रेट सुहास सुब्रमण्यम ने उत्तरी वर्जीनिया का प्रतिनिधित्व करने वाली अमेरिकी सदन की एक सीट के लिए चुनाव जीत लिया है। अमेरिका में 50 राज्य हैं और उनमें से अधिकतर राज्य हर चुनाव में एक ही पार्टी को वोट देते रहे हैं, सिवाय ‘स्विंग' राज्यों के। बताया जाता है कि चुनावी रूप से अहम माने जाने वाले इन ‘स्विंग' राज्यों में मतदाताओं का रुझान बदलता रहता है। जनसंख्या के आधार पर राज्यों को निर्वाचक मंडल वोट दिए जाते हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com