रूस को अब यूक्रेन से खतरा, अमेरिका की सैन्य सहायता से यूक्रेनी सेना देंगे पुतिन के लड़ाकों को पटखनी

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले दो सालों से ज्यादा समय से युद्ध चल रहा है। यूक्रेन युद्ध में रूस से कमजाेर साबित हो रहा था। लेकिन अब अमेरिका का साथ मिलने पर यूक्रेन को जरूर मजबूती मिलेगी। वह जमकर रूस से मोर्चा ले सकता है।
Ukraine Russia War: यूक्रेन को हाथ लगी निराशा, चाहकर भी नहीं कर सकता रूस पर हमला
तस्वीर में व्लोदीमीर जेलेंस्की और जो बाइडन
Updated on

वाशिंगटन: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले दो सालों से ज्यादा समय से युद्ध चल रहा है। यूक्रेन युद्ध में रूस से कमजाेर साबित हो रहा था। लेकिन अब अमेरिका का साथ मिलने पर यूक्रेन को जरूर मजबूती मिलेगी। वह जमकर रूस से मोर्चा ले सकता है। रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिका ने उसे अतिरिक्त 12.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर के हथियार भेजने का फैसला किया है। ये जानकारी व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को दी।

व्हाइट हाउस ने बताया कि यूक्रेन को भेजी जा रही अतिरिक्त सैन्य सहायता में अति आवश्यक वायु रक्षा प्रणालियां, टैंक रोधी हथियार और दुश्मन द्वारा दागे गए गोलों का पता लगाने व उन्हें नष्ट करने में मदद करने वाले राडार शामिल हैं।

अमेरिका ने यूक्रेन के लिए अतिरिक्त सैन्य सहायता की घोषणा ऐसे समय में की है, जब कीव ने फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से रूस की जमीन पर अपना अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। यूक्रेन ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में हमला किया, जिससे मॉस्को को आपातकाल घोषित करना पड़ा और वहां अतिरिक्त सैन्य बल भेजना पड़ा। राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि रूस के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के लिए यूक्रेन अमेरिका द्वारा उपलब्ध कराए गए हथियारों का इस्तेमाल बाइडन प्रशासन की नीतियों के अनुरूप ही कर रहा है।

अमेरिका ने यूक्रेन को रूस पर हमले की दी इजाजत

बाइडन प्रशासन ने यूक्रेन को सीमावर्ती क्षेत्रों में रूस के खिलाफ जवाबी कार्रवाई में इन हथियारों का इस्तेमाल करने की इजाजत दी है, लेकिन वह देश के भीतरी हिस्सों में स्थित लक्ष्यों को इन हथियारों से निशाना नहीं बना सकता। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन हथियारों का इस्तेमाल कितनी दूरी पर स्थित लक्ष्यों पर हमले के लिए किया जा सकता है।

अमेरिका से यूक्रेन को भेजी जा रही नवीनतम सैन्य सहायता में स्टिंगर मिसाइलें, 155 मिलीमीटर और 105 मिलीमीटर के गोले, एचआईएमएआरएस यानी हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम (HIMARS) में प्रयुक्त गोला-बारूद और बख्तरबंद वाहन शामिल हैं। अमेरिका फरवरी 2022 में रूस के बिना उकसावे के यूक्रेन पर हमला करने के बाद कीव को अब तक कुल 55.6 अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता मुहैया करा चुका है।

Navbharat Live
navbharatlive.com