

Highlights:
बिलाल काजी ने स्नैपचैट, रोब्लॉक्स और विंक पर 11 से 17 साल की लड़कियों को निशाना बनाया।
14 साल का लड़का बनकर दोस्ती की, फिर निजी तस्वीरों और वीडियो के जरिए लड़कियों को ब्लैकमेल किया।
70 पीड़ितों की पहचान के बाद अदालत ने सुनाई 30 साल की सजा, पैरोल के लिए काटने होंगे कम से कम 20 साल।
Indian Origin Man Jail in UK: ब्रिटेन में भारतीय मूल के एक युवक को कम से कम 70 नाबालिग लड़कियों का ऑनलाइन यौन उत्पीड़न करने के मामले में 30 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। आरोपी ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर 11 से 17 साल की उम्र की लड़कियों को अपने जाल में फंसाया। वह पहले उनसे दोस्ती करता था और फिर प्यार का झांसा देकर अश्लील तस्वीरें और वीडियो हासिल करता था। बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करता था।
आरोपी की पहचान 27 वर्षीय बिलाल काजी के रूप में हुई है। वह यूनिवर्सिटी ऑफ चेस्टर में पढ़ाई करता था। शुक्रवार, 13 नवंबर को अदालत ने उसे सजा सुनाई। काजी ने बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने, ब्लैकमेल करने और नाबालिगों को यौन गतिविधियों के लिए उकसाने समेत कुल 37 आरोपों में अपना जुर्म स्वीकार किया था। ब्रिटिश अधिकारियों ने उसे सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर करार दिया है।
जांच में सामने आया कि काजी अगस्त 2021 से अगस्त 2025 के बीच स्नैपचैट, रोब्लॉक्स और विंक जैसे प्लेटफॉर्म पर सक्रिय था। वह अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को 'रीस' नाम का 14 वर्षीय श्वेत ब्रिटिश लड़का बताता था। इसके लिए उसने एक अनजान किशोर की तस्वीरों का इस्तेमाल किया, ताकि नाबालिग लड़कियों को लगे कि वे अपनी उम्र के किसी लड़के से बात कर रही हैं।
शुरुआत में वह लड़कियों से दोस्ती करता और धीरे-धीरे उनके साथ रोमांटिक रिश्ते का भरोसा पैदा करता था। इसके बाद वह उनसे निजी तस्वीरें और वीडियो मांगने लगता था। लड़कियों के इनकार करने पर वह प्यार का हवाला देकर उन्हें मनाने की कोशिश करता था। वह कहता था कि प्यार करने वाले लोग एक-दूसरे के लिए ऐसा करते हैं।
काजी की मांगें पूरी नहीं करने पर लड़कियों को उनकी पहले भेजी गई तस्वीरें और वीडियो परिवार तथा दोस्तों के बीच लीक करने की धमकी दी जाती थी। कुछ मामलों में उसने पीड़ितों के सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिए और उनके कॉन्टैक्ट्स के बीच आपत्तिजनक सामग्री साझा कर दी। उसने कुछ तस्वीरें ऑनलाइन भी पोस्ट की थीं। अदालत को बताया गया कि वह स्नैपचैट पर भेजी गई सामग्री को चुपके से रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने के लिए इस्तेमाल करता था।
इस पूरे मामले की जांच दिसंबर 2021 में शुरू हुई, जब 13 साल की एक लड़की ने पुलिस से शिकायत की। उसने बताया कि स्नैपचैट पर उसकी दोस्ती एक ऐसे लड़के से हुई थी, जिसे वह अपनी उम्र का समझती थी। बाद में उसने उसे अश्लील सवाल पूछने और आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया।
शिकायत के बाद जांच चेशायर कॉन्स्टेबुलरी को सौंपी गई। 21 जुलाई 2023 को ब्रिटेन लौटने पर काजी को हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में मिले यूजरनेम और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस ने 28 अलग-अलग पुलिस बलों के अधिकार क्षेत्र में आने वाली 70 पीड़ित लड़कियों की पहचान की।
13 नवंबर को सजा सुनाते हुए जज स्टीफन एवरेट ने काजी को बेहद खतरनाक यौन अपराधी बताया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाकर बच्चों को निशाना बनाया और उनके घरों तक में उनकी सुरक्षा का एहसास छीन लिया।
जज ने काजी के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चों के साथ उसने जो किया, वह समझ से परे है। उन्होंने सजा कम करने योग्य कोई परिस्थिति नहीं मानी और उसके पछतावे पर भी सवाल उठाए।
काजी को पैरोल के लिए पात्र होने से पहले कम से कम 20 साल जेल में बिताने होंगे। उसका नाम जीवनभर यौन अपराधियों की सूची में रहेगा। पैरोल पर रिहाई मिलने की स्थिति में भी उसे आठ साल तक निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा।