

Trump Backs Away From Granting Patriot license to Ukraine: यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध अब एक निर्णायक और चिंताजनक मोड़ पर पहुंच गया है। एक तरफ जहां राजधानी कीव रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों के भीषण हमलों से दहल रही है, वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को मिलने वाली सैन्य मदद पर बड़ा यू-टर्न ले लिया है।
ट्रंप ने 31 जुलाई 2026 को कहा कि उनकी सरकार ने यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलों के उत्पादन के लिए लाइसेंस देने का कोई अंतिम फैसला नहीं किया है। यह बयान यूक्रेन के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि वह लगातार अपने आसमान को सुरक्षित करने के लिए आधुनिक रक्षा प्रणालियों की मांग कर रहा है।
कैंप डेविड में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि इस तरह की उच्च तकनीक देना एक बेहद कठिन निर्णय है। उन्होंने अपनी हिचकिचाहट जाहिर करते हुए कहा कि अमेरिका को अपनी रक्षा तकनीक के रहस्यों को साझा करने में बहुत सावधानी बरतनी होगी।
ट्रंप ने यहां तक अंदेशा जताया कि भविष्य में जिस देश को यह तकनीक दी जा रही है, वह कभी अमेरिका के खिलाफ ही इसका इस्तेमाल कर सकता है। उन्होंने कहा कि ये हथियार अविश्वसनीय हैं और हमें इन्हें किसी और को बनाने देने के मामले में बहुत सतर्क रहना होगा।
यह बयान ट्रंप के पिछले रुख के बिल्कुल विपरीत है। इससे पहले 8 जुलाई को तुर्की में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से जेलेंस्की को पैट्रियट मिसाइलें खुद बनाने का लाइसेंस देने की बात कही थी। जेलेंस्की ने भी 28 जुलाई को ट्रंप के साथ अपनी मुलाकात के बाद दावा किया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है।
हालांकि, अब ट्रंप के ताजा रुख ने कीव की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। फिलहाल केवल जापान और जर्मनी ही अमेरिका के बाहर इन मिसाइलों का उत्पादन करने का अधिकार रखते हैं।
राजनीतिक अनिश्चितता के बीच, जमीन पर हालात बेहद भयावह हैं। पिछले 48 घंटों में रूस ने कीव पर दूसरा बड़ा बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया है। शनिवार की तड़के हुए इस हमले में 4 बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हुए हैं।
धमाके इतने तेज थे कि रिहायशी इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं और पूरे शहर में हाहाकार मच गया। अधिकारियों के अनुसार, डार्निट्स्की और सोलोमियांस्की जिलों में सबसे ज्यादा मानवीय क्षति हुई है।
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि युद्ध को समाप्त करने के लिए यूक्रेन और रूस दोनों को कुछ रियायतें देनी होंगी। उन्होंने जेलेंस्की और पुतिन से शांति समझौते की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की है।ट
इस बीच, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से फोन पर बात कर अपनी हवाई रक्षा जरूरतों को यूक्रेन की शीर्ष प्राथमिकता बताया है और अतिरिक्त पैट्रियट इंटरसेप्टर की मांग दोहराई है।