पुतिन से डीजल डील होते ही बदले अमेरिका के सुर, पेंटागन ने यूरोपीय देशों को चेताया, कहा- रूस पर बोलने से बचो

Trump Russia Policy: रूस को लेकर ट्रंप प्रशासन के रुख में बदलाव के बीच अमेरिका ने यूरोपीय नेताओं को बयानबाजी में संयम बरतने की सलाह दी है। इससे NATO के भीतर मतभेद बढ़ने के संकेत मिले हैं।
Pentagon Warning Europe
व्लादिमीर पुतिन, डोनाल्ड ट्रंप(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पेंटागन ने यूरोपीय नेताओं को रूस के खिलाफ बयानबाजी में संयम की सलाह दी

  • एल्ब्रिज कोल्बी ने बाल्टिक देशों के अधिकारियों तक यह संदेश पहुंचाया

  • ट्रंप प्रशासन यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए रूस से बातचीत की कोशिश कर रहा है

Pentagon Warning Europe: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक महीने पहले रूस को दुनिया से अलग-थलग करने के लिए रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की योजना बना रहे थे। लेकिन फिर उन्होंने खुद रूस से एक बड़ी तेल डील कर ली। इसके बाद से ही रूस को लेकर ट्रंप प्रशासन के सुर पूरी तरह बदल गए हैं। इसी बीच खबर आई है कि अमेरिका ने यूरोपीय देशों को रूस के खिलाफ बयानबाजी से बचने के लिए कहा है। 

जानकारी के मुताबिक,  अमेरिकी रक्षा विभाग यानी पेंटागन के अधिकारियों ने यूरोपीय नेताओं को रूस के खिलाफ उकसावे वाली बयानबाजी करने से बचने के लिए कहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि यूरोपीय नेताओं के कुछ बयान महाद्वीप की सुरक्षा के लिए ठीक नहीं हैं। 

यूरोपीय सरकारों को सख्त चेतावनी

जानकारी के मुताबिक, पेंटागन ने लिथुआनिया, लातविया और एस्टोनिया समेत कई यूरोपीय देशों के नेताओं को रूस के खिलाफ कोई भी बयान देते समय संयम बरतने को कहा है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि पेंटागन की ओर से यह हिदायत बाल्टिक देशों के अलावा और किन यूरोपीय सरकारों को दी गई है। 

पेंटागन के नीति प्रमुख एल्ब्रिज कोल्बी भी यह संदेश देने वाले अमेरिकी अधिकारियों में शामिल थे। कोल्बी यूरोप में अमेरिकी सैनिकों की तैनाती की समीक्षा से जुड़े अहम अधिकारी हैं।

Pentagon Warning Europe
इजरायल में मुसलमान कहां से आए? ये तो यहूदियों का देश; जानें इतिहास की पूरी कहानी

एल्ब्रिज कोल्बी ने यूरोपीय देशों से क्या कहा?

जानकारी के मुताबिक, एल्ब्रिज कोल्बी ने बाल्टिक देशों के एक अधिकारी से रूस के खिलाफ बयानबाजी नहीं करने की सलाह दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोल्बी ने इस दौरान अधिकारी को उन बयानों का उदाहरण दिया, जिनमें कहा गया था कि यूक्रेन युद्ध में रूस बुरी तरह फंस चुका है और हताश होकर कदम उठा रहा है। संदेश में  एस्टोनिया के प्रधानमंत्री क्रिस्टन मिहाल के बयान का भी जिक्र किया गया है। क्रिस्टन मिहाल ने सितंबर के आखिर में रूस के खिलाफ बोलते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तुलना कोने में फंसे चूहे से की थी। 

यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिका की नई रणनीति

यह सलाह ऐसे वक्त आई है, जब ट्रंप प्रशासन यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए रूस के साथ बातचीत की कोशिशों में जुटा है। इस दौरान रूस पर लगे प्रतिबंधों में राहत देने जैसे प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है। वहीं, यूक्रेन पर रूसी ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने का दबाव भी बनाया जा रहा है।

Pentagon Warning Europe
यूनुस ने रची थी हसीना के तख्तापलट की साजिश! पूर्व सहयोगी ने खोल दी पोल, विदेशी एजेंसी के पत्रकार ने की थी मदद

रूस के खतरे पर NATO में मतभेद

NATO के भीतर रूस से पैदा होने वाले खतरे को सार्वजनिक रूप से पेश करने के तरीके को लेकर मतभेद हैं। कुछ अधिकारियों का मानना है कि रूस को लेकर लगातार चेतावनी देने से मॉस्को को डर का माहौल बनाने का मौका मिलता है। वहीं, दूसरे अधिकारियों का कहना है कि यूरोपीय नागरिकों को संभावित खतरों की जानकारी देना जरूरी है, ताकि वे सुरक्षा पर होने वाले खर्च और जरूरी प्रयासों को समझ सकें।

यूरोप में तोड़फोड़ की घटनाओं से बढ़ी चिंता

इस बीच, यूरोप में संदिग्ध तोड़फोड़ की घटनाओं ने सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं। जर्मनी में हाल ही में दो बेलारूसी नागरिकों को महत्वपूर्ण ठिकानों पर आग लगाने की कथित साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, जर्मनी ने सितंबर में लीपजिग/हाले एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले की कोशिश के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि, मॉस्को ने इन आरोपों को खारिज किया है।