

Highlights:
नेपाल के सोलुखुम्बु में सुबह 8:11 बजे दो हेलीकॉप्टरों की हवा में टक्कर हुई।
हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत, जबकि एक यात्री घायल हुआ।
घायल को प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुक्ला पहुंचाया गया।
Nepal Two Helicopters Collide Viral Video: नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। यहां लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर हवा में ही आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नेपाली अखबार काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टर एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के थे। ये मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे इलाके में एक-दूसरे से टकरा गए। हादसा काठमांडू से करीब 250 किलोमीटर दूर एक हेलीपोर्ट के पास हुआ।
जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने बताया कि हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हुई है। हालांकि, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। दुर्घटना में एक अन्य यात्री भी घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुक्ला पहुंचाया गया।
फिलहाल घायल यात्री की स्थिति और दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार अन्य यात्रियों तथा क्रू मेंबर्स की संख्या को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, नवभारत इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य जानकारियां सामने आ सकती हैं।