तारिक रहमान के शपथ से पहले देश छोड़कर भागने लगे यूनुस के करीबी! भ्रष्टाचार का शक, बांग्लादेश में मचा हड़कंप

Bangladesh News: बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के बाद बीएनपी सत्ता संभालेगी। चुनाव नतीजों के बाद मोहम्मद यूनुस के करीबी के देश छोड़ने से राजनीतिक हलचल और सवाल तेज हो गए हैं।
Tarique Rahman Oath Ceremony
तारिक रहमान के शपथ से पहले बांग्लादेश में हलचल तेज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Tarique Rahman Oath Ceremony: बांग्लादेश में करीब 18 महीने बाद सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है। अगस्त 2024 से मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में चल रही अंतरिम सरकार की जगह अब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की पूर्ण सरकार सत्ता संभालेगी। 12 फरवरी को हुए आम चुनाव में बीएनपी को जीत मिली है और 17 फरवरी यानी आज पार्टी प्रमुख तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

चुनावी नतीजों के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यूनुस के कुछ करीबी सहयोगियों के रवैये पर भी चर्चा शुरू हो गई है। ढाका के अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (ICT) और टेलीकम्युनिकेशन मामलों में यूनुस के विशेष सहायक फैज अहमद तैयब चुनाव परिणाम घोषित होने के अगले ही दिन देश छोड़कर जर्मनी चले गए। अखबार ने इसे “सरप्राइज डिपार्चर” बताया है, जिससे नई सरकार के गठन के बीच कई सवाल खड़े हो गए हैं।

देश छोड़ रहे यूनुस से सहयोगी

रिपोर्टों के अनुसार, चुनाव की घोषणा के बाद से ही यह चर्चा थी कि अंतरिम सरकार से जुड़े कुछ अधिकारी देश से ‘सुरक्षित निकलने’ की कोशिश कर रहे हैं। माना जा रहा है कि मोहम्मद यूनुस के कुछ अन्य सहयोगी भी विदेश जाने की तैयारी में थे।

संभावित भ्रष्टाचार की आशंका

इस मुद्दे को शपथ ग्रहण से पहले छात्रों के नेतृत्व वाली पार्टी NCP के नेता नसीरुद्दीन पटवारी ने भी उठाया। उन्होंने संकेत दिया कि अधिकारियों की संभावित विदाई के पीछे किसी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की आशंका हो सकती है। पटवारी ने अपील की कि देश छोड़ने से पहले संबंधित अधिकारी अपनी संपत्ति और कार्यकाल का पूरा हिसाब जनता के सामने रखें।

तारिक रहमान बनेंगे नए प्रधानमंत्री

हालांकि, हालिया घटनाक्रम के बाद खबरें हैं कि यूनुस के अन्य सहयोगियों ने फिलहाल देश छोड़ने की योजना टाल दी है। सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण होते देख अंतरिम सरकार के कई सदस्य अभी ढाका में ही बने रहने के पक्ष में हैं। गौरतलब है कि विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना की सरकार गिरने पर अगस्त 2024 में मोहम्मद यूनुस को अंतरिम शासन का प्रमुख बनाया गया था। उनका कार्यकाल 17 फरवरी को समाप्त हो रहा है, जब तारिक रहमान नई सरकार के साथ प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com