इमरान से मिलने से रोका...तो फूटा CM अफरीदी का गुस्सा, जेल के बाहर ही दे डाली शहबाज-मुनीर को चेतावनी

Pakistan Political Crisis: पाकिस्तान में इमरान खान के खिलाफ गंभीर आरोप लग रहे हैं, जिनमें देशद्रोह और सैन्य अदालतों में मुकदमे की तैयारी की जा रही है, जिससे राजनीतिक स्थिति और बिगड़ सकती है।
sohail-afridi-prevented-meeting-imran-khan-warning-shahbaz-munir
इमरान से मुलाकात की रोकने पर भड़के सोहेल अफरीदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

KP CM Warn Imran Pakistan Govt: पाकिस्तान में ये दिन राजनीतिक उथल-पुथल भरे हैं। खैबर पख्तूनख्वा (KP) के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी अडियाला जेल में पूर्व PM इमरान खान से मिलने गए, लेकिन उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया गया। अफरीदी ने जेल के बाहर सुरक्षा अधिकारियों से तीखी बहस की। उन्होंने पूछा, "किसके आदेश पर मुझे रोक रहे हो? मैं खैबर पख्तूनख्वा का मुख्यमंत्री हूं, जो पाकिस्तान का हिस्सा है। किसी कैदी से मिलना मेरा हक है।"

सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे 1971 के उस वक्त से जोड़ दिया, जब पाकिस्तान टूटकर बांग्लादेश बना था। अफरीदी ने कहा कि देश फिर उसी रास्ते पर जा रहा है और इस तरह के फैसले पाकिस्तान के लिए हानिकारक हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की रोक-टोक उनके प्रांत की जनता को गुस्सा दिला सकती है और स्थिति को और बिगाड़ सकती है।

इमरान पर देशद्रोह का आरोप

दूसरी तरफ, पाकिस्तान की सरकार और सेना इमरान खान के खिलाफ देशद्रोह और राज्य के खिलाफ साजिश जैसे गंभीर आरोपों की तैयारी कर रहे हैं। यह मामले सैन्य कानूनों के तहत चलेंगे। केंद्र सरकार ने इमरान खान के खिलाफ एक मुकदमा तैयार किया है, जिसमें सरकार भी पक्षकार होगी। इमरान खान पर आरोप है कि उन्होंने राज्य को अस्थिर करने की कोशिश की और कुछ सैन्य अधिकारियों के साथ मिलकर हालात बिगाड़ने की साजिश की। इस मामले की जांच जारी है, और जैसे ही यह पूरी होगी, सैन्य अदालतों में मुकदमे शुरू हो जाएंगे।

फैज हमीद को 14 साल की जेल

इसके अलावा इमरान खान के करीबी माने जाने वाले ISI के पूर्व प्रमुख जनरल फैज हमीद को एक सैन्य अदालत ने 14 साल की सजा सुनाई। उनकी सुनवाई में यह बात सामने आई कि इमरान खान ने राज्य को अस्थिर करने की कोशिश की थी।

इस सब से यह साफ हो रहा है कि इमरान खान पर कई गंभीर आरोप लग सकते हैं, जैसे देशद्रोह, सैन्य ठिकानों पर हमलों के लिए उकसाना, और 9 मई 2023 की हिंसा में उनका हाथ होना। पहले ही पंजाब विधानसभा इमरान खान पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने और उनकी पार्टी PTI पर बैन लगाने की मांग कर चुकी है। इमरान खान पहले से कई मामलों में जेल में सजा काट रहे हैं।  

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com