

Shehbaz Sharif Hafiz Saeed UNGA: अमेरिका के न्यूयॉर्क में इस समय संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की 81वीं बैठक चल रही है। इस दौरान यहां ऐसा कुछ हुआ कि आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की पोल एक बार फिर पूरी दुनिया से सामने खुल गई। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ गुरुवार को महासभा के सत्र में शामिल हुए, इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे लश्कर-ए-तैयबा और हाफिज सईद से जुड़े सवाल पूछे गए तो वह जवाब देने की जगह भाग खड़े हुए।
शहबाज शरीफ गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में चल रही UNGA के सत्र में शामिल हुए। इस दौरान कुछ पत्रकारों ने उनसे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के संस्थापक आतंकवादी हाफिज सईद से जुड़े सवाल पूछे, तो शहबाज ने जवाब देने से इनकार कर दिया और तेजी से वहां से निकलने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो तब का है जब शहबाज शरीफ 81वीं UN जनरल असेंबली में शामिल होने के लिए UN मुख्यालय में दाखिल हो रहे थे। इस दौरान वहां मौजूद पत्रकारों ने उनसे पूछा कि प्रधानमंत्री आप आतंकवादियों को पनाह देना कब बंद करेंगे? शहबाज शरीफ ने कुछ बोलने से इनकार करते हुए UN जनरल असेंबली में चले गए।
इसके बाद जब वह बाहर निकले, तब भी पत्रकारों ने उनसे पूछा कि पाकिस्तान हाफिज सईद पर कब मुकदमा चलाएगा? शरीफ ने इस बार भी कोई जवाब नहीं दिया और चलते बने। सोशल मीडिया पर शरीफ के जवाब नहीं देने को लेकर उन्हें खूब ट्रोल किया जा रहा है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इससे ठीक एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) में भारत ने पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई थी। भारत ने पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को पनाह देने की आलोचना की और कहा कि इस्लामाबाद को आतंकियों को पनाह देने की जगह कर्ज में डूबी बदहाल अर्थव्यवस्था को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
UNHRC में भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने जवाब देने के अधिकार का उपयोग करते हुए पाकिस्तान के ध्यान भटकाने वाले एजेंडे की धज्जियां उड़ा दीं। भारतीय राजनयिक ने कहा कि पाकिस्तान की प्राथमिकताएं पूरी तरह से गलत है, उनका भारत विरोधी रवैया देश की डूबती अर्थव्यवस्था को नहीं बचा सकता। उन्होंने UNHRC में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नागरिकों के खिलाफ दमनकारी नीति को भी उजागर किया। त्यागी ने बताया कि पीओके में भोजन, ईंधन और दवाओं की आपूर्ति रोकने के साथ-साथ पाकिस्तानी सरकार किस तरह प्रदर्शनकारियों के साथ जानलेवा हिंसा कर रही है।
इसके साथ ही उन्होंने पीओके को लेकर स्पष्ट कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। जिसके एक बड़े हिस्से पर पाकिस्तान ने गैरकानूनी कब्जा कर रखा है। भारतीय राजनयिक ने कहा पाकिस्तान फौरन अपने गैरकानूनी कब्जे वाले सभी इलाकों को तुरंत खाली करे।