

Saudi Arabia Houthi Attack: यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब में लगातार किए जा रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच भारत ने वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने, जरूरत के मुताबिक घर के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का आधिकारिक चैनल के जरिए पालन करने को कहा है।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से मौजूदा घटनाओं से संबंधित वीडियो या खबरों को शेयर या री-पोस्ट नहीं करने की भी अपील की है। यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी हुई है, जब सऊदी अरब के कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति गंभीर बनी हुई है।
ईरान से जुड़े हूती आंदोलन ने गुरुवार को रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाने का दावा किया। इससे पहले भी इसी एयरपोर्ट और सऊदी अरब के अभा एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। रियाद एयरपोर्ट पर हुए ताजा हमले की स्वतंत्र पुष्टि तत्काल नहीं हो सकी थी।
हमलों के कारण रियाद के लिए विमान सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। Air India ने रियाद आने-जाने वाली अपनी उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की है।
भारत ने सऊदी अरब के अभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि नागरिकों से जुड़े जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
भारत ने हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।भारत ने कहा कि वह सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।
हूती हमलों के बीच सऊदी अरब के कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन गतिविधियों की खबरें सामने आई हैं। रियाद और अभा के अलावा खमीस मुशैत, ताइफ और अन्य इलाकों में भी हमलों की घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं।
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, हालिया हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं। इसके जवाब में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती ठिकानों पर कार्रवाई की है।