

Russia Missile Attack on Ukraine: रूस ने रविवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर युद्ध शुरू होने के बाद से सबसे बड़े बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में से एक किया। यूक्रेन के विदेश मंत्री के मुताबिक, यह हमला कई घंटों तक चला। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 16 लोग घायल हुए। हमले कीव के छह अलग-अलग इलाकों में हुए, जिससे कई इमारतों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस के मुताबिक, मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण कई जगह आग लग गई। रिहायशी इमारतों, दफ्तरों, औद्योगिक क्षेत्रों, छात्रावास और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र में भी रूसी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई। जापोरिजिया क्षेत्र में एक रूसी ड्रोन ने यात्री ट्रेन को निशाना बनाया, जिसमें ट्रेन के कंडक्टर की मौत हो गई। यूक्रेन की राष्ट्रीय रेलवे कंपनी ने आग से घिरे रेल डिब्बों की तस्वीरें भी जारी कीं।
युद्ध के पांचवें साल में यूक्रेन के सामने मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। रूस लगभग हर दिन मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है। यूक्रेन के पास अब 'पैट्रियट' एयर डिफेंस मिसाइलों की कमी है, जो बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने का सबसे प्रभावी साधन मानी जाती हैं। यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रविवार रात रूस ने 41 मिसाइलें दागीं, जिनमें से 18 को हवा में ही नष्ट कर दिया गया।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि बैलिस्टिक मिसाइलों से सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यूक्रेन को हर दिन इंटरसेप्टर मिसाइलों की जरूरत है। उन्होंने उन देशों का धन्यवाद भी किया जो यूक्रेन को आधुनिक वायु रक्षा प्रणाली उपलब्ध करा रहे हैं।
इसी बीच, राष्ट्रपति जेलेंस्की की सरकार में हुए फेरबदल को लेकर भी विवाद बढ़ गया है। रक्षा मंत्री को हटाए जाने के फैसले के बाद कई जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कुछ यूक्रेनी सैनिक और राजनीतिक विश्लेषक इस फैसले से नाराज हैं। उनका मानना है कि मिखाइलो फेडोरोव को हटाना जेलेंस्की के कार्यकाल की बड़ी राजनीतिक गलतियों में से एक हो सकता है।
दूसरी ओर, रूस ने दक्षिण कोरिया को भी चेतावनी दी है। रूस के उप-विदेश मंत्री आंद्रे रुडेंको ने कहा कि अगर दक्षिण कोरिया अपनी जमीन पर अमेरिका का टाइफॉन मिसाइल सिस्टम तैनात करता है, तो रूस इसे अपनी सुरक्षा के लिए खतरा मानेगा और उचित जवाब देगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल रूस के पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि दक्षिण कोरिया ऐसा कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।