रूस ने कीव पर बरसाईं मिसाइलें, 18 मंजिला इमारत तबाह; जेलेंस्की की 48 घंटे वाली चेतावनी हुई सच

Kyiv Missile Attack: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। रिहायशी इमारत में आग लगने के बावजूद कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन जेलेंस्की ने और बड़े हमलों की चेतावनी दी है।
Russia rains missiles on Kyiv, 18-story building destroyed; Zelenskyy's 48-hour warning comes true
कीव पर रूस का मिसाइल हमला, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Russia Ballistic Missile Attack Kyiv: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में रविवार तड़के राजधानी कीव एक बार फिर दहल उठी। रूसी सेना ने कीव के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलों की बरसात कर दी। इस हमले में शहर के शेवचेंकोवस्की जिले में एक 18 मंजिला रिहायशी इमारत पर मिसाइल का मलबा गिरा, जिससे वहां भीषण आग लग गई। राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की द्वारा अगले 48 घंटों में बड़े रूसी हमले की चेतावनी देने के ठीक एक दिन बाद यह कार्रवाई हुई है।

आधी रात के बाद धमाकों से गूंजा शहर

स्थानीय मीडिया के अनुसार, कीव में रात करीब 12:23 बजे एक के बाद एक कई शक्तिशाली विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। धमाकों के तुरंत बाद आसमान में आग की लपटें और धुएं का गुबार देखा गया।

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि मिसाइल के मलबे से 18 मंजिला इमारत की 7वीं और 8वीं मंजिल के बीच आग लग गई। इसके अलावा सोलोमियांस्की और देसनियांस्की जिलों में भी गैर-रिहायशी स्थलों और कारों में आग लगने की खबरें मिली हैं।

कोई हताहत नहीं

यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने पुष्टि की है कि दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी जगहों पर लगी आग पर काबू पा लिया है। राहत की बात यह रही कि इस रात्रिकालीन हमले में किसी की जान जाने की खबर नहीं है, हालांकि संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले 24 जुलाई को कीव में एक प्रदर्शनी पर हुए रूसी हमले में 10 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

जेलेंस्की की चेतावनी हुई सच

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने शनिवार शाम को ही खुफिया रिपोर्टों के हवाले से देश को आगाह किया था कि रूस अगले 48 घंटों के भीतर यूक्रेन पर एक बड़ा मिसाइल हमला करने की योजना बना रहा है। उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी और साझेदार देशों से मिले इनपुट के अनुसार, रूस ने भारी मात्रा में मिसाइलें तैयार कर रखी हैं। रविवार तड़के हुआ यह हमला जेलेंस्की की उसी आशंका की पुष्टि करता है।

बढ़ता युद्ध का दायरा

कीव पर ताजा हमलों के बीच युद्ध का दायरा भी बढ़ता दिख रहा है। हाल ही में यूक्रेन ने कैस्पियन सागर में एक ईरानी सैन्य मालवाहक जहाज को निशाना बनाया था, जिसे तेहरान ने युद्ध की आग भड़काने वाला कदम बताया है।

इसके साथ ही जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूस अब युद्ध के मैदान में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए 30,000 उत्तर कोरियाई सैनिकों को शामिल करने की तैयारी में है। फिलहाल कीव में हाई अलर्ट जारी है और प्रशासन ने नागरिकों को सुरक्षित ठिकानों में रहने की सलाह दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com