

Russia Ballistic Missile Attack Ukraine: तुर्की की राजधानी अंकारा में होने वाले NATO शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर भीषण बैलिस्टिक हमला किया है। सोमवार सुबह हुए इस मिसाइल और ड्रोन हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 34 अन्य घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, रूसी सेना ने सोमवार रात और सुबह के समय रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाया, जिससे शहर के कई हिस्सों में भारी तबाही हुई है।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि बचाव दल रात भर क्षतिग्रस्त इमारतों से लोगों को निकालने के अभियान में जुटे रहे। सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको के अनुसार, पोडिल्स्की जिले में एक रिहायशी इमारत का हिस्सा पूरी तरह ढह गया, जबकि डार्नित्सिया जिले में कई बहुमंजिला इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है ।
आशंका यह भी जताई जा रही है कि अभी भी कई लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने बताया कि 8 लोगों में से 7 की मौत कीव में हुई है, बाकि एक व्यक्ति की मौत उत्तर-पश्चिम के बुचा जिले में हुई है। हमले के दौरान शहर भर में सायरन और धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं, जिसके कारण आम नागरिकों को अपनी जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों और भूमिगत शेल्टरों में शरण लेनी पड़ी।
यह हमला राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की की उस चेतावनी के कुछ घंटों बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने रूस द्वारा बड़े हमले की आशंका जताई थी। जेलेंस्की ने एक बार फिर पश्चिमी सहयोगियों से यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने और 'पैट्रियट' मिसाइलें उपलब्ध कराने की मांग दोहराई है।
उन्होंने कहा है कि सुरक्षा उपकरणों की कमी रूस को युद्ध को और लंबा खींचने का हौसला दे रही है। इसको लेकर कल मंगलवार से अंकारा में शुरू हो रहे नाटो समिट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की के बीच मुलाकात हो सकती है, जहां युद्ध को समाप्त करने और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जा सकती है।