

Highlights:
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर सख्त टिप्पणी की
पाकिस्तानी विदेश मंत्री के सामने आतंकवाद पर दो टूक
आतंकवाद पर दोहरा मापदंड नहीं अपनाया जा सकता है
Rajnath Singh On Terrorism: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को ताजिकिस्तान के दुशान्बे में शंघाई सहयोग संगठन की 'काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट' की बैठक में आतंकवाद पर जबरदस्त हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का कोई औचित्य नहीं हो सकता और इससे निपटने में कोई दोहरा मापदंड नहीं अपनाया जा सकता।
राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को विकास के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक बताया और कहा कि इससे न केवल लोगों की जान को नुकसान पहुँचता है, बल्कि निवेश और व्यापार पर भी बुरा असर पड़ता है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप-प्रधानमंत्री इशाक डार की मौजूदगी में रक्षा मंत्री ने कहा कि आतंकवाद समाजों को कट्टर बनाता है और हमारे युवाओं को उन मौकों से वंचित रखता है, जिनके वे हकदार हैं।
आगे उन्होंने कहा कि इसलिए, आतंकवाद को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता। इससे निपटने में कोई दोहरा मापदंड नहीं हो सकता। जो लोग आतंकवादियों को फंड देते हैं, उनका समर्थन करते हैं या उन्हें सुरक्षित पनाह देते हैं, उनके लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को मजबूती से और मिलकर खत्म किया जाना चाहिए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जब ये बयान दे रह थे तब इशाक डार उनके ठीक सामने बैठे थे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी इस मुलाकात का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें सिंह और डार एक ही मेज पर बैठे दिखाई दे रहे हैं।
राजनाथ सिंह ताजिकिस्तान की राजधानी में आयोजित SCO शासनाध्यक्षों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस बैठक में सदस्य देशों के नेता और प्रतिनिधि, क्षेत्रीय समूह के अंतर्गत चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं।
इससे पहले सितंबर में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा था कि SCO सदस्य देशों को आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है।
भारत ने पाकिस्तान की सरकार और सेना पर आतंकवाद को समर्थन देने और उसे पनाह देने का आरोप लगाया है। अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी, उसके दो हफ्ते बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया। इस ऑपरेशन का मकसद पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकी ढांचे को निशाना बनाना था।