आगे कुआँ पीछे खाई...पुतिन जंग खत्म करने को तैयार, बदले में ट्रंप से मांगा यूक्रेन का ये बड़ा शहर

Trump talks to Putin: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है, पुतिन ने युद्धविराम के लिए डोनेट्स्क पर कब्जे की शर्त रखी, ट्रंप प्रयास कर रहे हैं दोनों देशों के बीच बातचीत को बढ़ावा देने की।
आगे कुआँ पीछे खाई...पुतिन जंग खत्म करने को तैयार, बदले में ट्रंप से मांगा यूक्रेन का ये बड़ा शहर
डोनाल्ड ट्रंप,व्लादिमीर पुतिन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अभी भी जारी है। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार दोनों देशों के नेताओं से बातचीत करके युद्ध रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच उनके और रूसी राष्ट्रपति के बीच हुई हालिया बातचीत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जिसके मुताबिक पुतिन युद्धविराम के लिए तैयार है पर उन्होंने इसके लिए यूक्रेन के एक बड़े शहर पर पूरी तरह कब्जे की मांग रखी है।

वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बातचीत हुई। इस बातचीत में पुतिन ने एक ऐसा प्रस्ताव रखा है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। पुतिन ने मांग की है कि यूक्रेन का पूर्वी क्षेत्र डोनेट्स्क (Donetsk) रूस को सौंप दिया जाए। उन्होंने इसे युद्ध खत्म करने की मुख्य शर्त बताया है।

11 सालों से कब्जा करने की कोशिश में रूस

डोनेट्स्क वही इलाका है जिस पर रूस पिछले 11 सालों से कब्जा करना चाहता है। यह इलाका रणनीतिक रूप से बहुत अहम है। यूक्रेनी सेना इसे अपनी सुरक्षा की पहली दीवार मानती है क्योंकि यह क्षेत्र रूस को राजधानी कीव तक पहुंचने से रोकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन ने यह भी संकेत दिया है कि अगर डोनेट्स्क पर रूस का पूरा नियंत्रण मिल जाता है, तो वह जापोरिज्जिया और खेरसॉन के कुछ हिस्सों से पीछे हट सकता है, जो अभी आंशिक रूप से रूस के कब्जे में हैं।

ट्रंप ने अभी तक नहीं दिया जवाब

व्हाइट हाउस के कुछ अधिकारियों ने पुतिन के इस प्रस्ताव को एक सकारात्मक संकेत बताया है। लेकिन एक यूरोपीय राजनयिक ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन इसे पूरी तरह नकारात्मक नजरिए से देखेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव बिना किसी मुआवजे के अपनी जमीन छोड़ने जैसा है।

ट्रंप ने इस प्रस्ताव पर अभी तक सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात के बाद उन्होंने दोनों पक्षों से युद्ध रोकने और बातचीत करने की अपील की है। आने वाले हफ्तों में हंगरी में ट्रंप और पुतिन की मुलाकात हो सकती है, जहां युद्ध को खत्म करने पर विस्तार से चर्चा होगी। इस बैठक की तैयारियां अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com