

Portugal Wildfire Crisis News In Hindi: यूरोपीय देश पुर्तगाल इस समय भीषण गर्मी और जंगलों में लगी बेकाबू आग की चपेट में है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पुर्तगाल में जंगल की आग से जला हुआ क्षेत्र पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में लगभग चार गुना बढ़ गया है। देश के ग्रामीण इलाकों में आग लगने की घटनाओं में आई इस तेज वृद्धि ने सरकार और प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
पुर्तगाल के ग्रामीण अग्नि एकीकृत प्रबंधन प्रणाली (SGIFR) के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक देशभर में जंगल में आग लगने की 4,592 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 30,155 हेक्टेयर क्षेत्र पूरी तरह जलकर खाक हो चुका है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, कुल जले हुए क्षेत्र का आधे से अधिक हिस्सा केवल बुधवार से रविवार के बीच दर्ज किया गया, जो आग की भवायवह स्थिति को दर्शाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि साल 2025 की तुलना में इस साल जला हुआ क्षेत्र लगभग चार गुना बढ़ गया है, जो 2017 के बाद इस अवधि के लिए सबसे अधिक है।
वहीं, आग लगने की कुल घटनाओं की संख्या में भी पिछले साल की तुलना में करीब 70 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है। यह आंकड़ा साल 2022 के बाद दर्ज किया गया सबसे बड़ा आंकड़ा है, जो जलवायु परिवर्तन और अत्यधिक तापमान के खतरों की ओर इशारा करता है।
पुर्तगाल में पिछले सप्ताह से तापमान असामान्य रूप से अधिक बना हुआ है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में 'रेड हीट' चेतावनी जारी की गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को पुर्तगाल सरकार ने देशभर में आपात स्थिति घोषित कर दी है। सरकार का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में आग लगने का खतरा काफी बढ़ गया है, जिससे जान-माल की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाना अनिवार्य हो गया है।
इससे निपटने के लिए पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो ने घोषणा की है कि देश यूरोपीय नागरिक सुरक्षा तंत्र को सक्रिय करेगा। इसके साथ ही, स्पेन और मोरक्को के साथ किए गए द्विपक्षीय सहयोग समझौतों को भी लागू किया जाएगा ताकि अतिरिक्त संसाधन जुटाए जा सकें। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि यह कदम एहतियाती है ताकि अग्निशमन संसाधनों को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरित करने की जरूरत न पड़े और आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया जा सके।
शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, पुर्तगाल के मुख्य भू-भाग के 18 जिलों में से 12 जिलों में इस समय भीषण गर्मी के कारण रेड अलर्ट जारी है। लगभग पूरे महाद्वीपीय क्षेत्र में जंगल की आग का खतरा बढ़ा हुआ है।
यूरोपीय नागरिक सुरक्षा तंत्र की मदद मिलने से पुर्तगाल को उन अंतरराष्ट्रीय संसाधनों तक पहुंच मिलेगी, जो उसकी आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत करेंगे। प्रशासन ने लोगों से ग्रामीण इलाकों में जाने से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।