

Bilawal Bhutto Alleges Rigging In PoK Election Results: पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जारी विधानसभा चुनाव के बीच सियासी माहौल गरमा गया है। पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (PPP) के प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी ने सत्ताधारी दल पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) पर गंभीर आरोप लगाते हुए 'वोट चोरी' का दावा किया है ।
बिलावल ने बुधवार देर रात मुजफ्फराबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि वे कानूनी और संवैधानिक तरीकों से अपनी सीटें वापस लेकर रहेंगे ।
बिलावल भुट्टो ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए चौंकाने वाले दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसे कई पोलिंग स्टेशनों के पुख्ता सबूत हैं, जहां मतदान का प्रतिशत 99 फीसदी तक दर्ज किया गया, जो साफ तौर से धांधली की ओर इशारा करता है।
बिलावल ने इसके आगे यहा भी आरोप लगाया कि कम से कम 30 पोलिंग स्टेशनों पर सत्ताधारी दल के समर्थकों ने जबरन कब्जा कर लिया था । उन्होंने दो टूक में कहा कि पार्टी किसी को भी अपना जनादेश 'हड़पने' नहीं देगी।
चुनाव के पहले चरण के नतीजों के अनुसार, मीरपुर डिवीजन की 13 सीटों में से PML-N ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि PPP के खाते में केवल 4 सीटें आई हैं। बिलावल भुट्टो ने चुनाव आयोग से इन अनियमितताओं पर तुरंत कार्रवाई करने और एक 'सत्य और सुलह आयोग' बनाने का अनुरोध किया है।
इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी शिकायतों का समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी चुनाव के अगले चरणों का बहिष्कार भी कर सकती है।
आपको बता दें कि PoK की 45 सीटों वाली विधानसभा के लिए पहले 27 जुलाई को एक ही चरण में मतदान होना था, लेकिन क्षेत्र में भड़की हिंसा के कारण अब इसे तीन चरणों में कराया जा रहा है। मीरपुर में वोटिंग हो चुकी है, जबकि मुजफ्फराबाद और कश्मीरी शरणार्थियों की सीटों के लिए 2 अगस्त को मतदान होगा।
सबसे संवेदनशील माने जाने वाले पुंछ डिवीजन में 10 अगस्त को वोट डाले जाएंगे। बिलावल ने स्थानीय लोगों की असुविधा को देखते हुए मुजफ्फराबाद में इंटरनेट सेवाएं तुरंत बहाल करने की भी मांग की है।