

PM Modi Seychelles Visit News In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सेशेल्स के तीन दिवसीय राजकीय दौरे (27-29 जून 2026) के लिए रवाना हो गए हैं। यह दौरा भारत और सेशेल्स के कूटनीतिक रिश्तों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पीएम मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स को हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा 'विजन महासागर' को नई दिशा देने के लिए एक प्रमुख मील का पत्थर साबित होगी।
भारत और सेशेल्स दोनों ही 'ग्लोबल साउथ' के हितों और प्राथमिकताओं को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखने के प्रति साझा प्रतिबद्धता रखते हैं। पीएम मोदी के अनुसार, दोनों देशों का लक्ष्य एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण हिंद महासागर क्षेत्र सुनिश्चित करना है।
इस दौरे का सबसे ऐतिहासिक क्षण तब होगा जब पीएम मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करेंगे। वे ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। प्रधानमंत्री ने इसे एक गौरवशाली अवसर बताते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरे लोकतांत्रिक मूल्यों और मजबूत संसदीय परंपराओं का प्रमाण है। इसके अलावा, वे सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर रक्षा, सुरक्षा और व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे।
यह यात्रा इसलिए भी विशेष है क्योंकि इस वर्ष भारत और सेशेल्स अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया कि हमारे संबंध आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और विविधता के प्रति सम्मान पर टिके हैं।
यह दौरा सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी की फरवरी 2026 में हुई भारत यात्रा के कुछ ही महीनों बाद हो रहा है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती सक्रियता को दर्शाता है।
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी वहां रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ भी बातचीत करेंगे। उन्होंने भारतीय प्रवासियों की सराहना करते हुए कहा कि वे पीढ़ियों से दोनों देशों के बीच एक सेतु का काम कर रहे हैं और इस दोस्ती को सींचने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। इस यात्रा से उम्मीद है कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।
एजेंसी इनपुट के साथ-