पाकिस्तान जाएंगे PM मोदी? 11 साल पहले अचानक पहुंचे थे इस्लामाबाद, जानें इस बार क्या है कारण

SCO Summit 2027: पाकिस्तान अगले साल इस्लामाबाद में होने वाले SCO शिखर सम्मेलन के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजने की तैयारी में है। भारत की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
PM Modi Pakistan Visit 2027
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PM Modi Pakistan Visit 2027: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही पाकिस्तान जा सकते हैं। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अगले साल शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन किया जाना है। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ SCO सम्मेलन में शामिल होने के लिए पीएम मोदी को न्योता देने की तैयारी कर रहे हैं। पाकिस्तान ने इसे लेकर कहा कि सभी देशों के साथ  भारत को भी न्योता तय नियमों के तहत भेजा जाएगा।  एससीओ शिखर सम्मेलन में अमूमन सदस्य देशों के राष्ट्रध्यक्ष शामिल होते हैं और तय विषयों पर चर्चा करते हैं। हालांकि कई बार राष्ट्रध्यक्षों के स्थान पर दूसरे मंत्री या अधिकारी भी सम्मेलन में शामिल होते हैं। भारत की ओर से पाकिस्तान में होने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। दोनों देशों के वर्तमान रिश्तों को देखा जाए इस बात की संभावना बहुत कम है कि प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान जाएंगे।

प्रोटोकॉल के तहत दिया जाएगा न्योता

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने एससीओ शिखर सम्मेलन को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जल्द ही SCO के सभी देशों के प्रमुखों को न्योता भेजेगा। भारत SCO के प्रमुखों देशों में से एक है ऐसे में पाकिस्तान भारत को भी इस शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए न्योता भेजेगा। पाकिस्तानी प्रवक्ता ने कहा, न्योता देना मेजबान देश की जिम्मेदारी है और इसे SCO के तय प्रोटोकॉल के मुताबिक जारी किया जाएगा।

क्या है एससीओ?

शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) यूरेशिया का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संगठन है। इसकी स्थापना 15 जून 2001 को क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। यह संगठन सदस्य देशों के बीच व्यापार, आतंकवाद-रोधी सहयोग और आपसी विश्वास को मजबूत करने का कार्य करता है। एससीओ की अध्यक्षता सदस्य देशों के बीच क्रमवार बदलती रहती है।  इसी कड़ी में साल 2027 में पाकिस्तान संगठन की अध्यक्षता संभालेगा और इस्लामाबाद में एससीओ शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। वर्तमान में इसके 10 सदस्य देश चीन, रूस, भारत, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान और बेलारूस हैं ।

2015 में पाकिस्तान गए थे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसंबर 2015 को अफ़ग़ानिस्तान से भारत लौटते समय अचानक पाकिस्तान का दौरा किया। यह यात्रा पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के जन्मदिन और उनकी पोती के विवाह समारोह के अवसर पर की गई थी। लाहौर के निकट रायविंड स्थित नवाज़ शरीफ़ के आवास पर दोनों नेताओं ने मुलाकात की और भारत-पाकिस्तान संबंधों, शांति, आतंकवाद तथा द्विपक्षीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की। यह लगभग 11 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पाकिस्तान यात्रा थी। हालांकि, कुछ दिनों बाद हुए पठानकोट आतंकी हमले के कारण दोनों देशों के संबंध फिर तनावपूर्ण हो गए और शांति वार्ता की प्रक्रिया प्रभावित हुई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com