लंदन के साउथएंड में प्लेन क्रैश, उड़ान भरते ही आग का गोला बना विमान- देखें VIDEO

Plane Crash: दुर्घटना के बाद कम से कम चार निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि विमान में कितने लोग सवार थे और उनकी हालत कैसी थी।
लंदन के साउथएंड में प्लेन क्रैश, उड़ान भरते ही आग का गोला बना विमान- देखें VIDEO
उड़ान भरते ही आग का गोला बना विमान(Screen Capture)
Published on
Updated on

लंदन: ब्रिटेन में रविवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा लंदन साउथेंड हवाई अड्डे पर हुआ जब उड़ान भरते ही विमान में आग लग गई। ब्रिटिश मीडिया ने बताया कि मेडिकल ट्रांसपोर्ट जेट बीचक्राफ्ट B200 सुपर किंग एयर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। मरीजों को ले जाने के लिए बनाया गया ये विमान नीदरलैंड जा रहा था। दुर्घटना के बाद, हवाई अड्डे से उड़ानें कुछ समय के लिए रद्द कर दी गईं। पुलिस ने हवाई अड्डे के पास स्थित गोल्फ क्लब और रग्बी क्लब को भी खाली करा लिया।

आग का गोला बना विमान

एसेक्स पुलिस ने कहा कि वे घटनास्थल पर सभी आपातकालीन सेवाओं के साथ काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में दुर्घटनास्थल से आग और घना काला धुआँ उठता दिखाई दे रहा है।

दुर्घटनाग्रस्त विमान 12 मीटर लंबा बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि इसमें 12 यात्री सवार हो सकते थे। इस दुर्घटना में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। हालाँकि, इस दुर्घटना में हुई मौतों की जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।

लंदन से 72 किमी दूर है हवाई अड्डा

एसेक्स पुलिस ने अपने बयान में कहा कि उन्हें स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे हवाई अड्डे पर एक गंभीर दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुँची और आपातकालीन सेवाओं के साथ मिलकर काम शुरू किया।

हादसे के बाद, स्थानीय सांसद डेविड बर्टन-सैम्पसन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और आपातकालीन सेवाओं को अपना काम करने देने की अपील की है। साउथेंड हवाई अड्डा ब्रिटेन की राजधानी लंदन से लगभग 72 किलोमीटर पूर्व में है।

अहमदाबाद विमान हादसा

बता दें कि पिछले महीने 12 जून को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसा हिआ था। इस हादसे में कुल 270 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में AAIB ने शुक्रवार देर रात आई 15 पेज की रिपोर्ट में एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI171, जो लंदन गैटविक जा रही थी। उसके दुर्घटनाग्रस्त होने की जाँच के प्रारंभिक निष्कर्षों और स्थिति का विवरण दिया गया है। विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हवाई अड्डे के पास एक मेडिकल हॉस्टल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार 241 लोगों में से केवल एक यात्री ही बच पाया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com