पेरिस में आए तूफान ने किरकिरा किया ओलंपिक का मचा, हाई-स्पीड रेल सेवा भी बाधित

पेरिस में तूफान की वजह से पेरिस को दक्षिण-पूर्व के साथ-साथ स्विट्जरलैंड से जोड़ने वाली हाई-स्पीड ट्रेन का परिचालन बाधित हो गया है। इसी वजह से ओलंपिक देखने जा रहे हजारों यात्री भी फंस गए हैं।
paris olympics 2024 storm disrupts high speed train service in paris
पेरिस की हाई स्पीड ट्रेन (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

पेरिस: फ्रांस की राजधानी पेरिस में इस समय ओलंपिक खेला जा रहा है। इसी बीच आज यानी बुधवार को स्थानीय तूफान की वजह से यातायात पर काफी असर पड़ा है। जिसके चलते पेरिस को दक्षिण-पूर्व के साथ-साथ स्विट्जरलैंड से जोड़ने वाली हाई-स्पीड ट्रेन का परिचालन बाधित हो गया है। इसी वजह से ओलंपिक देखने जा रहे हजारों यात्री भी फंस गए हैं।

‘एसएनसीएफ' ने कहा कि रेल पटरियों पर पेड़ गिरने के कारण फ्रांस की राजधानी के गारे डे ल्योन ट्रेन स्टेशन से रवाना होने वाली और वहां पहुंचने वाली सभी हाई-स्पीड ट्रेनों की सेवाओं को रोकना पड़ा है। पेरिस के दक्षिण-पूर्व में बरगंडी में एक ट्रेन पेड़ से टकरा गई। नियमित गति वाली ट्रेन अलग-अलग ट्रैक का उपयोग करती हैं और उनकी सेवा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

एसएनसीएफ ने कहा कि अधिकारियों ने ट्रैक से बिजली काट दी और पेड़ को हटाने का काम शुरू हो चुका है। इस सेवा को शुरू करने में हालांकि अधिक समय लगेगा इस लिए स्टेशन से निकलने वाली सारी ट्रेनों को वापस बुला लिया गया है ताकि लोग यात्रा के लिए वैकल्पिक साधन खोज सके। इससे पहले ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह से पहले तोड़फोड़  के कारण फ्रांस की ट्रेन यातायात गंभीर रूप से बाधित हुई थी। इस सप्ताह की शुरुआत में हाई-स्पीड ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से बहाल कर दी गई थीं।

राष्ट्रीय मौसम एजेंसी मेटियो फ्रांस ने बुधवार को देश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश और हवा सहित ‘स्थानीय रूप से मजबूत' तूफान के खतरे के बारे में चेतावनी दी है। मेटियो फ्रांस ने देश के अधिकांश हिस्से में बुधवार को लगातार तीसरे दिन गर्मी की चेतावनी जारी की है जिसमें, पेरिस में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस (88 डिग्री फारेनहाइट) तक पहुंच गया।

जानकारी के लिए बता दें कि भारत ने पेरिस ओलंपिक में अब तक 2 मेडल जीते हैं। यह दोनों मेडल शूटिंग में ही आए हैं। मनु भाकर ने रविवार को 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उसके बाद फिर मंगलवार को सरबजोत सिंह के साथ मिलकर मनु ने भारत को मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com