

Highlights:
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की विधानसभा ने राणा औरंगजेब का ईशनिंदा कानून में सजा बढ़ाने वाला प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।
मौजूदा धारा 298-ए के तहत अधिकतम तीन साल की कैद का प्रावधान है, जबकि प्रस्ताव में सख्त सजा की मांग की गई है।
मानवाधिकार संगठनों ने झूठे आरोपों और ईसाई समुदाय समेत धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा का खतरा बढ़ने की आशंका जताई है।
Pakistan Seeks Stricter Punishment Blasphemy Law: पाकिस्तान में ईशनिंदा कानून को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। पंजाब प्रांत की विधानसभा में पैगंबर मोहम्मद के परिवार के सदस्यों और उनके साथियों के अपमान के आरोप में सजा बढ़ाने की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया गया है। इस फैसले पर मानवाधिकार संगठनों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि कानून को और कठोर बनाने से धार्मिक अल्पसंख्यकों, खासकर ईसाई समुदाय के लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमों और हिंसा की आशंका बढ़ सकती है।
द क्रिश्चियन पोस्ट में प्रकाशित क्रिश्चियन डेली इंटरनेशनल-मार्निंग स्टार न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी विधायक राणा औरंगजेब ने यह प्रस्ताव पेश किया था। इसे इसी सप्ताह पंजाब विधानसभा में सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई।
प्रस्ताव में संघीय सरकार से पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 298-ए के तहत निर्धारित सजा बढ़ाने की मांग की गई है। फिलहाल इस कानून के अंतर्गत पैगंबर मोहम्मद के परिवार, चार इस्लामी खलीफाओं और उनके साथियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने पर अधिकतम तीन साल की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2023 में पाकिस्तान की संसद ने एक विधेयक पारित किया था, जिसमें इस अपराध के लिए न्यूनतम सजा 10 साल और अधिकतम आजीवन कारावास करने का प्रस्ताव था। हालांकि, तत्कालीन राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने इस विधेयक पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। इसके चलते यह कानून प्रभावी नहीं हो सका।
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और ईसाई समुदाय से जुड़े लोगों ने प्रस्ताव के संभावित दुष्परिणामों पर सवाल उठाए हैं। एक ईसाई वकील के मुताबिक, कानून को कठोर बनाने के बजाय झूठे ईशनिंदा आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान होना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में दर्ज 333 ईशनिंदा मामलों में अधिकांश आरोप मनगढ़ंत थे। मानवाधिकार संगठनों का मानना है कि सजा बढ़ाने से पहले आरोपों की निष्पक्ष जांच और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।