'बस 30 सेकंड...', ब्रह्मोस अटैक से थर्रा गया था पाक, शरीफ के सलाहकार ने खोला पोल

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने स्वीकार किया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। उन्होंने आगे इसको लेकर एक बड़ा बयान देते हुए कहा...
'बस 30 सेकंड...', ब्रह्मोस अटैक से थर्रा गया था पाक, PM के सलाहकार ने खोला पोल
राणा सनाउल्लाह, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराने आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से एक विशेष सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। इस ऑपरेशन के तहत भारत ने बेहद तेज और सटीक हमले किए, जिससे पाकिस्तान पूरी तरह से थर्रा गया। भारत की इस जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान में खौफ का माहौल बन गया था। इस बात का खुलासा शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने खुद किया है।

राणा सनाउल्लाह ने खुलासा किया कि जब भारत ने ब्रह्मोस मिसाइल दागी, तो पाकिस्तान की सेना के पास यह अंदाजा लगाने और प्रतिक्रिया देने के लिए महज 30 से 45 सेकंड का वक्त था कि कहीं वह मिसाइल परमाणु हथियार से लैस तो नहीं है। उन्होंने बताया कि इस घटना से दोनों देशों के बीच परमाणु युद्ध की स्थिति बनने का खतरा काफी बढ़ गया था।

30 से 45 सेकंड का तनाव भरा समय

पाकिस्तानी न्यूज चैनल को दिए गए एक इंटरव्यू में राणा सनाउल्लाह ने खुलासा किया कि भारत द्वारा नूर खान एयरबेस की ओर ब्रह्मोस मिसाइल दागे जाने के दौरान पाकिस्तान की सेना के पास यह मूल्यांकन करने के लिए महज 30 से 45 सेकंड का समय था कि कहीं यह मिसाइल परमाणु हथियार से लैस तो नहीं है। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में ऐसा अहम और संवेदनशील निर्णय लेना बेहद चुनौतीपूर्ण और तनाव से भरा हुआ था।

देखें Video-

ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को भारी नुकसान

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान के कई प्रमुख एयरबेस पर बेहद सटीक और विनाशकारी हमले किए। इन हमलों में सरगोधा, नूर खान (चकलाला), भोलारी, जैकबाबाद, सुक्कुर और रहीम यार खान एयरबेस को गंभीर नुकसान पहुंचा। रनवे, हैंगर और कई अहम इमारतें तबाह हो गईं। सैटेलाइट तस्वीरों ने भी इन हमलों की पुष्टि की है।

आतंकी ठिकाने हुए तबाह

इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना ने लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकी संगठनों के कई ठिकानों को नष्ट कर दिया। चार दिनों तक ड्रोन और मिसाइल हमलों में 100 से ज्यादा आतंकियों को ढेर किया गया। पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम की पहल के बाद अस्थायी सीजफायर हुआ, लेकिन भारत ने स्पष्ट कर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com