मूसलाधार बारिश से पाकिस्तान बेहाल, फ्लैश फ्लड ने ली 18 जानें, कई इलाके जलमग्न; राहत अभियान जारी

Pakistan Flash Floods: पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश और फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। खैबर पख्तूनख्वा में कई हादसों के कारण 18 लोगों की जाने चली गई। एजेंसियों की मदद से बचाव कार्य लगातार जारी है।
Pakistan reels from torrential rains; flash floods claim 18 lives! Many areas submerged; relief operations underway.
पाकिस्तान फ्लैश फ्लड (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Pakistan Flash Floods And Heavy Rain: पाकिस्तान में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 19 जुलाई से अब तक बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 19 अन्य घायल हुए हैं। ये जानकारी प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) ने गुरुवार को दी।

दर्जनों मकान हुए क्षतिग्रस्त

पीडीएमए के अनुसार, अधिकांश लोगों की मौत मकानों की छत या दीवार गिरने और फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से हुई। मृतकों में आठ बच्चे, सात पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं, घायलों में 11 पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे हैं। बारिश से 30 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 23 आंशिक रूप से और सात पूरी तरह तबाह हो चुके हैं।

कई जिलों में एक साथ तबाही

बारिश और बाढ़ का असर बुनैर, स्वाबी, मर्दान, बाजौर, शांगला, लोअर चितराल, पेशावर, नौशेरा, खैबर, लोअर और अपर दीर, एबटाबाद, मानसेहरा, तोर घर, कुर्रम और उत्तर-दक्षिण वजीरिस्तान समेत कई जिलों में देखने को मिला। पीडीएमए ने बताया कि रेस्क्यू 1122, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

पंजाब में 8 लोगों की हुई मौत

खैबर पख्तूनख्वा के अलावा पंजाब प्रांत भी भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। गुजरांवाला, नारोवाल, पाकपत्तन और लाहौर में बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। सबसे अधिक नुकसान गुजरांवाला में हुआ, जहां मकानों की छत और दीवार गिरने, तालाब में डूबने और करंट लगने जैसी घटनाओं में छह लोगों, जिनमें अधिकांश बच्चे थे, की जान चली गई। वहीं पाकपत्तन में मकान की छत गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई और उनकी मां घायल हो गई।

फैक्ट्री की छत गिरने से 4 लोग घायल

लाहौर के गुलशन-ए-रावी इलाके में एक फैक्ट्री की छत गिरने से चार मजदूर घायल हो गए। वहीं गुजरात जिले में जीटी रोड बाईपास पर फिसलन के कारण एक ट्रेलर खाई में जा गिरा। हालांकि इस हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

10 घंटे की बारिश ने मचाई तबाही

लगातार करीब 10 घंटे तक हुई भारी बारिश के चलते गुजरात और गुजरांवाला के मुख्य मार्गों समेत कई इलाके जलमग्न हो गए। इससे व्यापारिक गतिविधियां और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। गुजरांवाला में अमिनाबाद से गक्खर मंडी के बीच निर्माणाधीन मेट्रो बस परियोजना के कारण जीटी रोड पर पहले से चल रही खुदाई ने जलभराव की स्थिति को और गंभीर बना दिया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Navbharat Live
navbharatlive.com