

Pakistan Heavy Rain in House Collapse Pakistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में भारी मानसूनी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। झोब और खुजदार जिलों में दो कच्चे घरों की छत ढहने से चार लोगों कि मैात हो गई। जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ से कई सड़कें टूट गईं, बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और घरों व फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटे हैं, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए क्वेटा रेफर किया गया है।
बाचा खान स्कूल के पास और झोब के शम्सी कॉलोनी में छत गिरने की घटनाएं हुईं, जहां भारी बारिश के बाद दो मिट्टी के घरों की छत गिर गई। स्थानीय प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि मलबे के नीचे दबने से एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि इस घटना में प्रभावित दोनों परिवारों के करीब 10 से अधिक सदस्य घायल हुए है।
घटना के बाद पुलिस, जिला प्रशासन के अधिकारी और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया, "बचावकर्मियों ने शवों को निकाला और घायलों को निकालकर झोब स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।" उन्होंने आगे बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को विशेष उपचार के लिए क्वेटा रेफर कर दिया गया है। चिकित्सा-कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।
खुजदार जिले में बारिश से संबंधित एक घटना में एक बच्चे की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, बलूचिस्तान प्रांत के कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण मिट्टी के घर क्षतिग्रस्त हो गए और पेड़ व होर्डिंग उखड़ गए। खराब मौसम के कारण क्वेटा समेत बलूचिस्तान के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
गुरुवार को रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता फारूक अहमद ने बताया कि पाकिस्तान के पंजाब में पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता ने बताया कि तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण दीवारों, छतों और एक होर्डिंग के गिरने से हताहत हुए। अटक में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
प्रवक्ता के अनुसार, पारा शाहीन बाग में एक घर की छत गिरने से तीन लोग घायल हो गए। खुशब के क़ैदाबाद इलाके में बिजली गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि सरगोधा में तेज हवाओं के कारण एक साइनबोर्ड गिरने से एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। कई इलाकों में सड़कें और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।