

Iran Israel Attack: ईरान-इज़रायल के बीच जारी जंग में ओमान की खाड़ी में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, तेल टैंकर पर हुए हमले में यह हादसा हुआ। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि यह घटना मस्कट के तट से दूर ओमान की खाड़ी में हुई। जहाज की पहचान MKD VYOM के रूप में की गई और मृत चालक दल का सदस्य भारतीय नागरिक था।
न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को तेल टैंकर पर बम से लैस ड्रोन बोट से हमला किया गया। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने इस हमले की पुष्टि भी की है। यह घटना क्षेत्र में बढ़ते तनाव और तेल शिपिंग मार्गों की सुरक्षा पर नई चिंता पैदा करती है।
ओमान में भारतीय दूतावास ने MKD व्योम जहाज पर सवार एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत पर दुख जताया है। दूतावास ने कहा कि जहाज पर सवार हमारे नागरिकों को सुरक्षित और जल्दी वापस लाने के लिए दूतावास ओमान में स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर (MSC) के अनुसार, इस टैंकर पर पलाऊ का झंडा लगा था और इसे मुसैंडम प्रायद्वीप से महज 5 समुद्री मील दूर निशाना बनाया गया। हमला उस समय हुआ जब जहाज पर 20 लोग सवार थे, जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक शामिल थे।
ईरान के हमले में मारे गए भारतीय नागरिक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं, गल्फ देशों में लाखों भारतीय अलग-अलग कामों में लगे हैं। वर्तमान जंग की परिस्थितियों के कारण भारत में उनके परिजन काफी चिंतित हैं। इसके अलावा, ईरान में फंसे भारतीयों से परिजनों का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।