

Niger Airport Attack: अफ्रीकी देश नाइजर में सुरक्षा स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ गई हैं। राजधानी नियामी के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए आतंकवादी हमले का वीडियो सामने आने के बाद यह चिंता और बढ़ गई है। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ली है। हमला 29 जनवरी को नाइजर के डियोरी हमानी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और उसके पास स्थित एयर बेस 101 पर किया गया। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इसे एक ‘अचानक और समन्वित हमला’ बताया गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस हमले में चार सैनिकों की मौत हुई, जबकि 20 हमलावर ढेर हो गए। हमले के दौरान हवाई अड्डे के आसपास भारी गोलीबारी और तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। कई घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन गुरुवार सुबह स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
सोमवार को SITE इंटेलिजेंस ग्रुप ने वीडियो फुटेज जारी किया, जिसमें हथियारों से लैस आतंकवादी यात्रियों के विमानों के पास खुलेआम घूमते दिखे। वीडियो में आतंकवादी हवा में फायरिंग करते हैं और एक ड्रोन व हेलिकॉप्टर को आग के हवाले कर देते हैं। देखें वीडियो-
— OSINTdefender (@sentdefender) February 1, 2026
अमेरिकी संकट निगरानी समूह ACLED के अफ्रीका मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक लैड सेरवाट के अनुसार, वीडियो में आतंकवादी कनुरी भाषा बोलते नजर आए, जो आमतौर पर लेक चाड क्षेत्र में बोली जाती है। इससे संकेत मिलता है कि इस हमले में इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस के अनुभवी लड़ाकों की भूमिका हो सकती है।
हमले के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। अमेरिकी सरकार ने अपने गैर-आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को नाइजर छोड़ने का निर्देश दिया। एयरलाइन कंपनियों ने भी नुकसान की पुष्टि की। पैन-अफ्रीकी एयरलाइन ASKY Airlines ने कहा कि उसके दो विमान मामूली नुकसान का शिकार हुए हैं।
वहीं, आइवरी कोस्ट की राष्ट्रीय एयरलाइन एयर कोटे डी आइवर ने बताया कि उसका एक एयरबस A319 विमान भी हमले में प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि यह घटना ऑपरेशनल समय के बाहर हुई, जिससे किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।