नाइजर के नियामी एयरपोर्ट पर भीषण आतंकी हमला; 11 सैनिकों सहित 13 की मौत, जवाबी कार्रवाई में 22 हमलावर ढेर

Niamey Airport Terrorist Attack: नाइजर की राजधानी नियामी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आतंकी हमले में 11 सैनिकों और 2 नागरिकों की मौत हो गई। सेना ने जवाबी कार्रवाई में 22 हमलावरों को ढेर कर दिया है।
Major terror attack at Niger's Niamey airport; 13 killed, including 11 soldiers, while 22 attackers were eliminated in the retaliatory action.
सांकेतिक फोटो, सो. AI
Published on
Updated on

Niger Niamey Airport Terrorist Attack News In Hindi: पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर की राजधानी नियामी गुरुवार की सुबह गोलियों की गड़गड़ाहट और धमाकों से दहल उठी। सशस्त्र हमलावरों ने डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे एक बड़ा हमला किया। इस हमले में नाइजर के 11 सैनिकों और 2 आम नागरिकों की जान चली गई है। वहीं, सुरक्षा बलों जवाबी कार्रवाई में 22 हमलावरों को मौके पर ही ढेर कर दिया गया है।

टैक्सी से आए थे हमलावर

रक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर बताया कि यह हमला स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 6 बजे शुरू हुआ। हमलावरों ने सुरक्षा घेरे में सेंध लगाने के लिए एक आम टैक्सी का सहारा लिया और हवाई अड्डे की सुरक्षा चौकी के बेहद करीब पहुंच गए। वहां पहुंचते ही उन्होंने सुरक्षा बलों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद पूरे इलाके में कई घंटों तक भारी गोलीबारी और गोलाबारी जारी रही, जिससे हवाई अड्डा परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सेना के नियंत्रण में एयरपोर्ट

हमले की गंभीरता को देखते हुए नाइजर की सेना ने दोपहर तक स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया और एयरपोर्ट परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वर्तमान में हवाई यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है। सैन्य कार्रवाई के दौरान सेना ने लगभग 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे हमले की साजिश और उनके आकाओं के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस पूरी घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।

आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण है यह हवाई अड्डा

नियामी का यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नाइजर के लिए अत्यंत संवेदनशील और रणनीतिक महत्व वाला स्थान है। यह न केवल नागरिक उड्डयन का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यहां G5 Sahel counter-terrorism force रूसी सैनिक और महत्वपूर्ण सैन्य ड्रोन इकाइयां तैनात हैं। इसके अलावा, इस हवाई अड्डे के सुरक्षित क्षेत्रों में नाइजर का बहुमूल्य यूरेनियम स्टॉक भी रखा जाता है, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है।

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल

यह हमला सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ा चिंता का विषय है क्योंकि यह जनवरी 2026 में इस्लामिक स्टेट के सहयोगी समूह द्वारा किए गए एक अन्य हमले के ठीक पांच महीने बाद हुआ है। हाल ही में नाइजर के अधिकारियों ने हवाई अड्डे की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए इसके आसपास की अवैध बस्तियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की थी, ताकि आतंकवादियों की घुसपैठ को रोका जा सके।

सुरक्षा पुख्ता करने के लिए हवाई अड्डे की परिधि दीवार का विस्तार किया गया था और 350 से अधिक अत्याधुनिक सुरक्षा कैमरे भी लगाए गए थे। इन तमाम एहतियाती कदमों और कड़े पहरे के बावजूद हमलावरों का सुरक्षा चौकी तक पहुंच जाना साहेल क्षेत्र में बढ़ती आतंकी चुनौतियों को दर्शाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com