

NASA 3 WB-57 Plane Crash: अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी NASA के हाई-एल्टीट्यूड रिसर्च प्लेन WB-57 को मंगलवार को मैकेनिकल खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। प्लेन का लैंडिंग गियर खुलने में विफल रहा, इसलिए इसे एलिंगटन एयरपोर्ट पर पेट के बल (बेली लैंडिंग) रनवे पर उतारना पड़ा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान प्लेन के नीचे से आग की लपटें और सफेद धुआं उठता दिखा, लेकिन अच्छी खबर यह है कि प्लेन में सवार दोनों क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई। यह घटना मंगलवार सुबह लगभग 11:30 बजे तब हुई, जब WB-57 रनवे 17R-35L पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्लेन को धीरे-धीरे नीचे आते हुए और फिर रनवे पर जोरदार झटके के साथ टचडाउन करते देखा जा सकता है। वीडियो में लैंडिंग के बाद प्लेन के विंग्स के साथ-साथ आग और धुआं निकलता दिख रहा है। रनवे पर फिसलते हुए प्लेन का दृश्य डरावना था, लेकिन अंत में यह रुक गया। फुटेज में दिखा कि प्लेन रुकने के बाद कॉकपिट का हैच खुला हुआ था, फायर ट्रक घटनास्थल पर मौजूद थे और इमरजेंसी रिस्पॉन्डर प्लेन के आगे के हिस्से के आसपास काम कर रहे थे।
नासा ने X पर पोस्ट करके कहा कि उनके WB-57 प्लेन में मैकेनिकल खराबी के कारण एलिंगटन फील्ड पर गियर-अप लैंडिंग हुई। उन्होंने कहा कि तुरंत प्रतिक्रिया की गई और सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। नासा की प्रवक्ता बेथनी स्टीवंस ने भी पुष्टि की और कहा कि एजेंसी इस घटना की पूरी जांच करेगी और जनता को पारदर्शी तरीके से अपडेट करेगी। WB-57 एक स्पेशल हाई-एल्टीट्यूड रिसर्च एयरक्राफ्ट है, जिसकी बॉडी पतली होती है। यह दो क्रू मेंबर्स वाला प्लेन है और लगभग 6.5 घंटे तक लगातार उड़ सकता है।
WB-57 प्लेन 63,000 फीट (लगभग 19,200 मीटर) की ऊंचाई तक उड़ने में सक्षम है। 1970 के दशक से यह प्लेन रिसर्च मिशन पर तैनात है और वैज्ञानिकों के काम आता है। नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर के पास स्थित एलिंगटन एयरपोर्ट पर 3 WB-57 प्लेन तैनात हैं। ह्यूस्टन एयरपोर्ट्स के डायरेक्टर ऑफ एविएशन जिम स्जेस्नियाक ने बताया कि घटना के बाद आपातकालीन दल तुरंत मौके पर पहुंचा और रनवे को प्लेन हटाए जाने तक बंद कर दिया गया। जांच अभी जारी है और NASA जल्द ही और जानकारी साझा करेगा।